ललितपुर। ग्राम मैलार के जंगल में रविवार देर रात पुलिस और कुछ दिनों पूर्व बाइक सवार दंपती से छिनैती करने वाले बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। उनके कब्जे से एक हार का टुकड़ा, दो तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद हुई।
कोतवाली सदर अंतर्गत ग्राम जिजयावन निवासी रंजीत सिंह 12 मई की शाम को पत्नी मीना के साथ शादी समारोह में शामिल होने मध्य प्रदेश के थाना चंदेरी क्षेत्र में बाइक से जा रहा था। कस्बा राजघाट के नौ नंबर पुलिया के गेट नंबर एक के पास बाइक सवार दो लोगों ने उन्हें रोक लिया और पता पूछने लगे। एक युवक रंजीत से बात करने लगा तो दूसरा मीना के पास खड़ा हो गया था।
मीना के पास खड़े युवक ने बातों बातों में मीना के गले का हार काट लिया था और भाग गए थे।
बदमाशों को पकड़ने के लिए कोतवाली सदर पुलिस, स्वाट/सर्विलांस टीम व अन्य थानों की टीमें लगाई गई थीं। जांच के दौरान दोनों बदमाशों के सुराग मिले थे। रविवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि दंपती से छिनैती करने वाले बदमाश लालाराम उर्फ राघवेंद्र बसोर निवासी ग्राम कल्यानपुरा व नरेंद्र उर्फ गुप्पी कुशवाहा निवासी ग्राम मसौरा कलां, राजघाट क्षेत्र में घूम रहे हैं। पुलिस ने राजघाट क्षेत्र में बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान बाइक पर सवार दो व्यक्ति राजघाट डैम कॉलोनी की तरफ से आते दिखे। पुलिस को देख पीछे मुड़कर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने जवाबी फायर किया, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया और मेडिकल कालेज में भर्ती कराया।
आरोपियों ने बताया कि 12 मई को राजघाट पुलिया गेट के पास बाइक सवार महिला के गले से हार खींचकर भाग गए थे। रविवार रात वह माल का बंटवारा करने जंगल की ओर जा रहे थे। पुलिस अधीक्षक ने बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली टीम को 25000 रुपये का इनाम दिया।
इस टीम को मिली सफलता : दोनों बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली टीम में सीओ सदर अजय कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र मिश्रा, स्वॉट प्रभारी अतुल तिवारी, सर्विलांस सेल प्रभारी अरुण पवार, राजघाट चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह आदि शामिल रहे।