ललितपुर। बुुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी सभागार में 18 अक्तूबर से चलाए जाने वाले दस्तक अभियान व संचारी रोगों की रोकथाम के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें आशा व आंगनबाड़ी कर्मचारियों को घर-घर जाकर दिमागी बुखार, अति कुपोषित बच्चों व क्षय रोगियों के चिह्नीकरण के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
प्रशिक्षण में जिला मलेरिया अधिकारी केएस सिंह ने बताया कि आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अपनी रिपोर्ट के साथ प्रतिदिन कार्य की समाप्ति पर सूची एएनएम या सुपरवाइजर के माध्यम से भेजनी होगी। बैठक कराने के साथ टीकाकरण और कुपोषित बच्चों को खोजने और पोषाहार वितरण की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी अपने क्षेत्र के सभी कुपोषित, अति कुपोषित बच्चों की सूची बनाकर पोषाहार उपलब्ध कराएं। आवश्यकता पर पोषण पुनर्वास केंद्रों पर उपचार और पोषण पुनर्वास के लिए भेजने के लिए निर्देशित करना है।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश भारती ने बताया कि जनपद में 18 अक्तूबर से एक नवंबर तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। क्षय रोगियों के मिलने पर अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया जाएगा। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. जेएस बख्शी ने बताया कि घर-घर सर्वे में साधारण बुखार, कोविड से मिलते जुलते मरीज, टीबी के संभावित मरीजों की जांच की जाएगी। सर्वे में जुकाम खांसी सांस लेने में तकलीफ खांसी के साथ बलगम आने की शिकायत होने पर सीएचसी व पीएचसी पर उन्हें पहुंचाया जाएगा। प्रशिक्षण में शहर से 142 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व 12 आशा कार्यकर्ता सम्मिलित हुईं।