- थाना बालाबेहट क्षेत्र के ग्राम हनौतिया के पास हुई दुर्घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। तेज रफ्तार ट्रक ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक बाइक पर सवार दो युवकों की मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो लोग घायल हो गए। इन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया।
थाना बालाबेहट अंतर्गत ग्राम मुड़ारी निवासी प्रभुदयाल (28) और भूपेंद्र सिंह (24) बुधवार की रात को ललितपुर की ओर से बाइक से अपने गांव की ओर जा रहे थे। जबकि एक अन्य बाइक पर सवार रामकिशन (40) निवासी ग्राम हनौतिया व हरप्रसाद (50) निवासी कनपुरा ग्राम डारा में आयोजित एक कार्यक्रम से खाना खाकर जा रहे थे। अभी दोनों बाइक ग्राम हनौतिया के पास पहुंची थी कि तेज रफ्तार भाग रही डीसीएम ट्रक ने पहले प्रभुदयाल व भूपेंद्र की बाइक को टक्कर मारी और इसके बाद रामकिशन व हरप्रसाद की बाइक को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पहली बाइक पर सवार प्रभुदयाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य तीनों घायल हो गए थे। घायलों को बिरधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने भूपेंद्र सिंह उर्फ गोली राजा को मृत घोषित कर दिया। जबकि रामकिशन व हरप्रसाद की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया है।
एक हफ्ता पूर्व ही हुई थी प्रभुदयाल की शादी
मृतक प्रभुदयाल की हाल ही में 3 जुलाई को शादी हुई थी। अब उसकी मौत हो जाने से उसके घर में कोहराम मचा हुआ है। नई नवेली दुल्हन की हालत तो सबसे ज्यादा खराब है और उसका रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है। घर की महिलाएं नई दुल्हन को सांत्वना देे रही है।
डीसीएम की टक्कर से एक बाइक पर सवार दो युवकों की मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो लोग घायल हो गए हैं। जिन्हें इलाज के लिए पहुंचाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। -राजपाल सिंह, थानाध्यक्ष बालाबेहट