- जेवरात रखने वाले डिब्बे व टिफिन सुबह घर से दूर खेतों में पड़े मिले, पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर/पाली। थाना पाली के ग्राम बरौदिया निवासी घनश्याम लोधी के घर को मंगलवार की रात को चोरों ने निशाना बनाया। अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने, चांदी के जेवरात और 1.36 लाख रुपये चोरी कर ले गए। जेवरात रखने वाले डिब्बे व टिफिन बुधवार की सुबह घर से दूर खेतों में पड़े मिले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना करके जांच पड़ताल शुरू की।
पीड़ित घनश्याम ने बताया कि 22 जुलाई की रात को वह अपनी पत्नी उमा देवी और पुत्रवधू पूजा सहित खाना खाकर अपने अपने कमरों में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात करीब डेढ़ बजे पुत्रवधु पूजा को घर के अंदर कुछ खटपट की आवाज सुनाई दी। पूजा ने शोर मचाया तो वह और उसकी पत्नी उठ गए। देखा कि एक कमरे का ताला टूटा हुआ था। कमरे के अंदर रखी अलमारी का लॉक टूटा पड़ा था। अलमारी में रखे सामान का निरीक्षण किया तो सोने-चांदी के जेवरात और 1.36 लाख रुपये नकद चोरी हो गया था। आसपास निरीक्षण किया तो कुछ दूरी पर खेतों में जेवरात रखने वाले डिब्बे व टिफिन बुधवार की सुबह घर से दूर खेतों में पड़े मिले। सीओ पाली सुनील भारद्वाज ने बताया कि घटना को लेकर जांच पड़ताल की जा रही है। आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
गणेश मंदिर में चोरी, पीतल की मूर्ति व चांदी के जेवरात हुए चोरी
कस्बा बानपुर स्थित प्राचीन गणेश मंदिर से मंगलवार की रात को चोर पीतल की छोटी मूर्तियां, चांदी का मुकुट, हाथ का चूरा और चांदी की आंखें ले गए। जबकि अन्य मूर्तियां सुरक्षित छोड़ गए। चोरी होने की जानकारी तब हुई जब बुधवार की सुबह मंदिर के पुजारी बालमुकंद पूजा करने के लिए मंदिर में पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि मंगलवार की देर रात करीब एक बजे तक मंदिर में भजन कीर्तन कार्यक्रम चला था। इसके बाद वह सभी लोगों के साथ चला गया था। बुधवार की सुबह जब वह प्रतिदिन की भांति आया तो मंदिर में चोरी की बात का पता चला। कस्बा के लोगों ने बताया कि यह मंदिर काफी प्राचीन है और इसकी देखरेख का कार्य पुरातत्व विभाग करता है। पुलिस घटना को लेकर जांच कर रही है।