संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद से निकले लगभग 100 किलोमीटर के हाईवे पर दुर्घटना में घायलों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है।
घायलों को हाईवे छोड़कर लगभग पांच किलोमीटर का सफर कर मेडिकल काॅलेज स्थित ट्राॅमा सेंटर तक आना पड़ रहा है। ऐसे में मरीज को जाम व भीड़भाड़ के चलते समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसके बाद भी अब तक हाईवे के पास ट्राॅमा सेंटर स्थापित नहीं हो सका है।
हाईवे पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को उपचार के लिए सड़क किनारे ट्राॅमा सेंटर स्थापित किया जाता है। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सक समेत अन्य स्टॉफ की तैनाती की जाती है। साथ ही सेंटर में आधुनिक मशीनरी भी उपलब्ध रहती है, जिससे मरीजों को समय पर उपचार मिल सके और मरीजों की जान बच जाए। लेकिन, जिले में लगभग 100 किलोमीटर की सीमा से हाईवे मार्ग निकला है।
इसमें कहीं पर भी सड़क किनारे ट्रामा सेंटर नहीं बनाया गया है। जबकि यहां पर मुख्यालय से एक ओर लगभग 60 किलोमीटर और दूसरी ओर लगभग 50 किलोमीटर की दूरी है। ऐसे में इस मार्ग में घायल होने पर व्यक्ति को अस्पताल तक आने में यह दूरी तय करना पड़ती है। ऐसे में घायलों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता है। वहीं कई की जान तक चली जाती है।