संवाद न्यूज एजेंसी
मड़ावरा-रजवारा। हर घर जल योजना का लाभ तहसील मुख्यालय रनगांव को नहीं मिल पा रहा है। पाइप लाइन में कहीं पानी नहीं आ रहा तो कहीं नालियों में बहकर बर्बाद हो रहा है। ब्लॉक जखौरा की ग्राम पंचायत खड़ोबरा में दो माह से आधा सैकड़ा घरों में लगे नलों से पानी नहीं मिल रहा है।
ग्राम पंचायत रनगांव के हंसरी रोड स्थित बगाजमाता मोहल्ले में पाइप लाइन तक नहीं डाली गई, इससे दर्जनों घरों को पीने के लिए स्वच्छ पानी नहीं मिल पा रहा है। ललितपुर रोड पर नायक भवन के पीछे स्थित नईबस्ती मोहल्ले में सैकड़ा भर परिवारों को भी नमामि गंगे योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उधर, ब्लॉक जखौरा की ग्राम पंचायत खड़ोबरा में जल जीवन मिशन योजना से पाइपलाइन डालकर घरों में नल लगवाए गए थे, लेकिन गर्मी शुरू होते ही अधिकांश नलों से पानी आना बंद हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 500 मीटर दूर लगे हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। कुछ लोगों ने सड़क किनारे से निकली पाइप लाइन के पास गड्ढा खोद लिया जिसमें से पानी भर रहे हैं। गांव के अनुज कुमार वंशकार ने बताया कि पाइप लाइन से लीकेज हो रहा है, इससे पानी बर्बाद हो रहा है। कई बार इसकी शिकायत ठेकेदार और विभागीय कर्मियों से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जिलाधिकारी से लापरवाह कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई कर पेयजल व्यवस्था सुधरवाने की मांग की है।