- प्रतिदिन उपचार लेने आ रहे 1800 मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज में मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार ओपीडी में प्रतिदिन 1800 मरीज पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में हो रहे परिवर्तन से खांसी, जुकाम व बुखार के मरीज आ रहे हैं। साथ ही पेट दर्द व उल्टी के मरीज अधिक आ रहे हैं। पैथोलाॅजी में जुट रही भीड़ जांच कराने वाले मरीजों को बीमार कर रही है। यहां से गुजरना मुश्किल हैं, ऐसे में खड़े होकर जांच कराने को मजबूर हैं।
मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. पवन सूद का कहना है कि मौसम में हो रहे परिवर्तन में लापरवाही लोगों पर भारी पड़ रही है। इससे सर्दी, जुकाम व बुखार की चपेट में आ रहे हैं। वायरल के अधिक मरीज है। वहीं खान-पान में संयम न होने से पेट दर्द व उल्टी की समस्या बढ़ रही है। ऐसे में खान पान में संयम बरतने व समस्या होेने पर चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी है।
-
पैथोलॉजी में जुट रही भीड़ से हो रहा हाल बेहाल
मेडिकल कॉलेज में पैथोलॉजी को एक तो कर दिया, लेकिन सुविधाएं नहीं हो सकी हैं। यहां पर एक ही परिसर में पंजीयन, सैंपल देना व रिपोर्ट लेने की सुविधा की गई है। इससे जांच को आ रहे मरीजों को खासी परेशानी हो रही है। यहां पर प्रतिदिन लगभग 350 से 400 मरीज जांच को पहुंच रहे हैं। ऐसे में भीड़ से समस्या हो रही है। पंखा तक राहत नहीं दे पा रहे हैं। खड़े होते ही मरीज व तीमारदार पसीना से तर हो रहे हैं। यहां एसी की सुविधा नहीं दी गई है। इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
-
मौसम में परिवर्तन से खांसी, जुकाम व बुखार, पेट दर्द व उल्टी के मरीज अधिक आ रहे हैं। वर्तमान में ओपीडी में 1800 मरीज पहुंच रहे हैं।-डाॅ. विशाल जैन, सहायक आचार्य, मीडिया प्रभारी