पुलवारा/ललितपुर। थाना बार स्थित इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय में रविवार की रात को चोरों ने ताले तोड़कर सामान चोरी कर लिया। सुबह प्रधानाचार्य के पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। थाना बार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
कस्बा बार में चोरियां होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार की रात चोरों ने कस्बा बार स्थित इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय में चोरी को अंजाम दिया। विद्यालय थाने के बिल्कुल सामने स्थित है। सोमवार की सुबह जब प्रधानाध्यापिका विद्यालय में पहुंचीं तो चोरी होने की जानकारी हुई। प्रधानाध्यापिका राजेश्वरी देवी ने थाने में दिए शिकायती पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि चोर विद्यालय से छह बोरी चावल, दो पंखे, चार जोड़ी टेबल कुर्सी सहित आंगनबाड़ी से वजन मशीन एवं बर्तनों के अलावा कागजात भी ले गए।