ललितपुर। विद्युत मीटर रीडिंग में गड़बड़ी करने व एक महिला से छेड़छाड़ के आरोपी मीटर रीडर की असलियत जानने के लिए विभाग ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है। जांच में दोषी पाए जाने पर विभाग द्वारा आरोपी के खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी।
शहर में 15 मीटर रीडर काम रहे हैं। जो डोर टू डोर विद्युत बिलिंग का कार्य करते हैं। शहर में आये दिनों मीटरों रीडरों द्वारा रीडिंग में गड़बड़ी की शिकायतें मिल रही थीं। इसके चलते संस्था द्वारा एक मीटर रीडर को हटा दिया था। इसके बाद भी अन्य मीटर रीडरों की शिकायतें बराबर मिलती रहीं। इस बार तो हद ही हो गयी, मुहल्ला नेहरू नगर में रीडिंग करने वाले मीटर रीडर ने एक महिला से रीडिंग लेने के बहाने छेड़छाड़ कर दी, जिस पर महिला ने इसकी शिकायत विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियन्ता प्रशांत सिंह से की। इस पर मीटर रीडर को हटा दिया।
अधिशाषी अभियंता एवं मेरठ से आए कंपनी के उच्चाधिकारियों द्वारा इस मामले की जांच कराए जाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए कार्यदायी संस्था के मैनेजर तौफीक अहमद मून व दो अन्य अधिकारियों समेत तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी गई है।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जांच में सत्यता पाए जाने पर दोषी रीडर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। कंपनी के मैनेजर ने बताया कि यदि कोई भी मीटर रीडर की शिकायत आती है, तो उनकी संस्था ऐसे रीडरों को ब्लैक लिस्टेड करेगी।