ललितपुर। संपूर्ण तहसील समाधान दिवस में आने वाले करीब 50 लोगों के एंटीजन टेस्ट होने के दौरान जब तीन लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई तो हड़कंप मच गया। अफसरों के निर्देश पर परिसर में मौजूद अन्य लोगों की जांच के लिए दूसरी जांच टीम को सक्रिय कर दिया गया। इस दौरान करीब 180 लोगों की जांच कराई गई।
शनिवार को बादलों के चलते सुबह से ही ठंडक का अहसास हो रहा था। प्रशासन की ओर से तहसील आने वालों को मास्क की अनिवार्यता होने के बाद भी परिसर में कुछ लोग बगैर मास्क के घूम रहे थे। बताते है कि करीब 50 लोगों की जांच होने के दौरान जब तीन लोग संक्रमित हुए तो स्वास्थ्य कर्मी भी अलर्ट हो गए । उन्होंने अधिकारियों के निर्देश पर परिसर में मौजूद एक एक व्यक्ति की जांच शुरू कर दी। इतना ही नहीं जो लोग बगैर मास्क के घूम रहे थे उन्हें भी मास्क लगवा दिया। डॉ. देशराज सिंह ने बताया कि संक्रमित तीन लोगों के परिवारीजनों व आसपास के 50-50 लोगों की ट्रेसिंग कराई जा रही है। यदि कोई संक्रमित मिला तो उसका उपचार कराया जाएगा।