ललितपुर। सोमवार से पंचायत चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो रही है। प्रथम चक्र में विकास खंड मड़ावरा व महरौनी के सदस्य क्षेत्र पंचायत एवं सदस्य जिला पंचायत के लिए नामांकन पत्र जमा होंगे।
प्रथम चक्र में ब्लाक मड़ावरा व महरौनी के क्षेत्र पंचायत सदस्यों व जिला पंचायत की नाराहट, सौरई, मड़ावरा, सैदपुर, गुढ़ा, सिलावन व बानपुर सीट के सदस्य पद के लिए नामांकन होगा। सपा को छोड़कर लगभग सभी प्रमुख पार्टियों ने अपने अधिकृत उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। वहीं, उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदने शुरू कर दिए हैं। इस बार चुनाव में लोगों की बड़ी दिलचस्पी देखी जा रही है। इसका अंदाजा नामांकन पत्रों की बिक्री से लगाया जा सकता है। शनिवार को जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 138 तो रविवार को 132 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई है। वार्डवार नजर डालें तो पूराकलां को 15, खांदी को 5, थाना को 4, जखौरा को 3, थनवारा को 5, बांसी को 16, बुढ़वार को 1, जाखलौन को 6, बिरधा को 4, खितवांस को 1, बालाबेहट को 1, नाराहट को 10, सौरई को 7, मड़ावरा को 6, सैदपुर को 10, गुढ़ा को 8, सिलावन को 5, बानपुर को 8, कैलगुवां को 7, बार को 5 और पारौन को 10 नामांकन पत्र खरीदे गए। इससे जिला पंचायत को 42 हजार रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ।
इसके अलावा दो लाख रुपए अदेय प्रमाण पत्र व पचास हजार रुपए की अवशेष वसूली हुई है। इधर, दिनभर उम्मीदवार को सोमवार से शुरू होने वाले नामांकन की तैयारी में जुटे रहे। कोई अपने विरोधी को मनाने में जुटा रहा तो कोई नामांकन के समय साथ चलने वाले समर्थकों की सूची तैयार करने में लगा रहा।
अधिसूचना हुई संशोधित जिला पंचायत सदस्य एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य की जारी अधिसूचना को संशोधित कर दिया गया है। इसके तहत यदि कोई वार्ड एक से अधिक विकास खंडों में सम्मिलित है तो उस वार्ड के नामांकन से लेकर प्रतीक आवंटन तक उस ब्लाक के लिए निर्धारित समय सारणी के अंतर्गत की जाएगी, जिसमें सबसे पहले मतदान होना है। इससे पहले जारी हुई अधिसूचना में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। कई वार्डों के अनेक गांव दूसरे चक्र में थे, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के मतदाता व उम्मीदवारों में मतदान को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई थी।
एक नाम के कई गांवग्राम पंचायत प्रधान पद के लिए आरक्षण प्रस्तावित कर दिया है, जिसमें अनेक ग्राम पंचायतों के नाम मिलते-जुलते हैं। इनमें ग्राम रमेशरा, डोंगराकला, कारीटोरन, जखौरा, कल्यानपुरा, बिरधा, दैलवारा आदि शामिल हैं। डीपीआरओ दिनेश प्रसाद ने माना कि मिलते जुलते नामों की कई ग्राम पंचायतें हैं। इसमें डोंगरा कलां भी दो हैं और दोनों की आबादी पृथक-पृथक है।