- मजदूरी करने गया था युवक, काम करने के दौरान ही हो गया था हादसे का शिकार
- पंचायत के बाद सुलझा मामला, हुआ अंतिम संस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी। थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम मुहारा में बुधवार की सुबह एक गांव के व्यक्ति की मौत होने पर शव को चिता से उठाकर गांव के ही एक व्यक्ति के दरवाजे पर रख दिया गया। करीब दो घंटा पंचायत होने के बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया। युवक की मौत राजस्थान के धौलपुर में ट्रेन की टक्कर से हो गई थी।
ग्राम मुहारा निवासी एक युवक गांव से लोगों को रेलवे का काम कराने के लिए बाहर ले जाता था। उक्त युवक गांव के ही देशराज को करीब बीस दिन पूर्व ले गया था। 12 अगस्त को राजस्थान के धौलपुर के पास काम करने के दौरान देशराज की ट्रेन की टक्कर से मौत हो गई थी। 13 अगस्त को देशराज का आगरा में पोस्टमार्टम हुआ और रात को परिजन शव लेकर गांव आ गए। 14 अगस्त की सुबह 8 बजे अंतिम संस्कार की तैयारी हुई और देशराज के शव को चिता पर रख दिया। इस दौरान श्मशान घाट पर मौजूद उक्त युवक से मृतक के बच्चों को आर्थिक सहायता देने की बात कही गई तो उसने मना कर दिया। इस पर लोग आक्रोशित हो गए और देशराज के शव को चिता से उठाते हुए ट्रैक्टर से लाकर उक्त युवक के घर के बाहर रख दिया। सूचना मिलने पर बांसी चौकी प्रभारी कुलदीप राणा मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाया। वहीं उक्त युवक ने भी देशराज के बच्चों का आर्थिक सहयोग करने का आश्वासन दिया। इसके बाद देशराज के शव का अंतिम संस्कार किया गया। मृतक देशराज के दो पुत्र व एक पुत्री है।