ललितपुर। पुलिस अभिरक्षा में जेल ले जाते समय हथकड़ी सहित फरार 25 हजार का इनामी आरोपी सोमवार रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि कोतवाली महरौनी क्षेत्र के कंचनपुरा निवासी विषदेव आदिवासी ने अपने भाई से रंगदारी मांगी थी। 19 मई को उसके खिलाफ रंगदारी मांगने का केस दर्ज किया गया था। इसके अगले दिन 20 मई को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। बस से जेल ले जाते समय गल्ला मंडी के निकट से विषदेव हथकड़ी समेत फरार हो गया था। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए चार टीमें गठित की थीं।
सोमवार देर रात महरौनी पुलिस व स्वाट फरार आरोपी की तलाश में थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी अपने परिवार से मिलने ग्राम पठाविजय पुरा से ग्राम छपरट वाले रास्ते से आ रहा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी झाड़ियों की तरफ भागा। पुलिस ने रुकने को कहा तो उसने फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में विषदेव के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसे हिरासत में लेकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। आरोपी के पास से एक पिस्टल, दो कारतूस बरामद हुआ है।
लघुशंका के बहाने उतरकर भागा था आरोपी
रंगदारी के मामले में गिरफ्तार आरोपी विषदेव जेल ले जाते समय गल्ला मंडी के पास लघुशंका के बहाने बस से उतरा और हथकड़ी सहित भाग गया था। पुलिस कर्मी उसे पकड़ने के लिए पीछे दौड़े, लेकिन तब तक गायब हो गया था। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने उस पर पच्चीस हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।