सौजना (ललितपुर)। ब्लॉक महरौनी अंतर्गत ग्राम सड़कौरा में पेयजल संकट गहरा गया है। यहां पर दो सप्ताह से पेयजल आपूर्ति ठप है। अब हैंडपंप भी पानी छोड़ रहे हैं। ऐसे में पानी के लिए आधा घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। कुछ हैंडपंप मरम्मत के अभाव में जर्जर हो गए हैं। ऐसे में पानी निकलना मुश्किल हो रहा है।
ग्राम सड़कौरा में पानी की सुविधा को हर घर जल नल योजना अंतर्गत पाइपलाइन डाली गई है। घर-घर पानी पहुंचाने के लिए कनेक्शन भी किए गए हैं, लेकिन दो सप्ताह से नलों में पानी की बूंद तक नही आई है। इससे पानी की किल्लत हो गई है। ऐसे में लोग हैंडपंप से पानी जुटा रहे थे। अब हैंडपंप भी साथ छोड़ रहे हैं। कंहैया के मकान के पास व रज्जू राजा के मकान के पास लगे हैंडपंप पानी छोड़ रहे हैं। 30 मिनट रुकने के बाद पानी मिल रहा है। वहीं पप्पू गोस्वामी के मकान के पास लगे हैंडपंप का हत्था खराब हो गए हैं। वहीं सार्वजनिक शौचालय के पास लगे हैंडपंप का प्लेटफार्म क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे दूषित पानी भी पास में ही जमा हो रहा है। ऐसे में ग्रामीणों को दूर से पानी लाना पड़ रहा है।