- पहले लाइन डालने के लिए लगाए गए थे, अंडरग्राउंड लाइन के बाद हो गए खाली
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर में सुगम यातायात में भारतीय संचार निगम लिमिटेड के पोल बाधक बने हुए हैं। कुछ स्थानों पर तो सड़क के फुटपाथ में होने से सुरक्षित चलना तक मुश्किल हो रहा है। वाहनों को ओवरटेक व क्रॉस करने पर निकलना तक दुश्वार हो जाता है। कई बाइक सवार तो इनसे टकराकर गिर जाते हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
नगर के बड़ी पानी की टंकी से सदर कांटा पर सड़क के दोनों ओर खंभा लगे हुए हैं। यही नहीं इन खंभों तक ही दुकानदार अपनी सीमा तक मान रहे हैं। यही कारण है कि इनके आस-पास में सामान रख दिया गया है। इससे सड़क सीमित हो गई है। चौबे मार्केट तक निकलना मुश्किल हो रहा है। वहीं, आगे सरदार बल्लभ भाई पटेल की मूर्ति के सामने पालिका की ओर खंभा लगा हुआ है। यहां पर दुकानदारों ने चबूतरा बनाकर व सामान रखकर कब्जा कर लिया है। ऐसे में खंभा राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। यही नहीं इसी खंभा पर बंच केबल के तार भी रखे हुए हैं। वहीं, घंटाघर से महावीर प्याऊ तक लगे खंभा के आसपास फल, सब्जी व अन्य दुकानदारों ने ठेला लगा लिए हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस संबंध में एसडीओ रमेश सिंह का कहना है कि बीएसएनल लाइन के लिए लगाए गए खंभों को हटाने के लिए अभी तक कोई दिशा-निर्देश उच्चाधिकारियों से नहीं मिले हैं। कई इलाकाें में फाइबर लाइन डालने में इन खंभों का उपयोग भी किया गया है।