जाखलौन (ललितपुर)। कस्बा जाखलौन में आए दिन दूरसंचार सेवाएं बाधित होने से बीएसएनएल उपभोक्ता परेशान हैं। सिग्नल नहीं आने की वजह से मोबाइल व इंटरनेट सेवायें प्रभावित चल रही हैं।
कस्बा में भारत संचार निगम लिमिटेड की दूरसंचार सेवायें बुरी तरह प्रभावित चल रही हैं। यहां लगा टॉवर व एक्सचेंज अधिकांश समय काम नहीं करता है। सिग्नल नहीं आना केबल कटना आम बात हो गयी है। बहुत से उपभोक्ताओं ने तो सेवाओं से तंग आकर अपने लैंडलाइन कनेक्शन तक कटवा लिए हैं। इसके चलते कस्बा में दो सैकड़ा संयोजनों के सापेक्ष अब मात्र दो दर्जन संयोजन ही शेष रह गये हैं। ब्राडबैंड कनेक्शनों की संख्या भी अब मात्र 11 रह गयी है। जिनमें ललित लोकवाणी का आकाशवाणी केंद्र, जनसेवा केंद्र और नौ अन्य व्यवसायिक कनेक्शन हैं।
यहां इंटरनेट सेवा कभी नियमित नहीं आने के कारण समस्या बनी रहती है। आए दिन होने वाली कटौती के कारण व घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण भी मशीनें काम करना बंद कर देती हैं, जिस वजह सेवाएं बाधित बनी रहती हैं। यहां तक कि एक घंटे में 4 से 5 बार इंटरनेट सेवायें बाधित हो जाती हैं।
आकाशवाणी केंद्र में सेवायें बाधित होने से बुंदेलखंड की संस्कृति से संबंधित कार्यक्रम भी श्रोताओं तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इस समय ऑनलाइन छात्रवृत्ति, विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पंजीयन के साथ विकास के कार्य इंटरनेट की ऑनलाइन सेवाओं पर निर्भर हैं, लेकिन बीएसएनएल की कार्यप्रणाली से उपभोक्ताओं में असंतोष है। ग्रामीणाें ने जिलाधिकारी से कस्बा की दूरसंचार सेवायें नियमित सुचारु बनाए रखने की मांग की है।