सिलावन (ललितपुर)। विकासखंड महरौनी के अंतर्गत ग्राम पंचायत अगौरा की हरिजन
बस्ती में पीने के पानी के लिए मारामारी मची है। बस्ती में लगे एक मात्र
हैंडपंप का जलस्तर काफी नीचे चला गया है, जिसके चलते महिलाओं को छह सौ मीटर
से अधिक दूरी तय कर पानी जुटाना पड़ रहा है।
हैंडपंप पर महिलाओं
की भीड़ लगने के कारण प्रतिदिन तू तू- मैं मैं और लड़ाई झगड़े की स्थित बन
रही है। महिलाओं ने जिलाधिकारी से समस्या के निराकरण की मांग की है।
ग्राम
अगौरा की हरिजन बस्ती की महिलाओं ने बताया कि उनकी बस्ती में प्रीतम के घर
के सामने लगा एक मात्र हैंडपंप का जलस्तर नीचे खिसक जाने के कारण हैंडपंप
ड्राई हो गया है। यह स्थिति विगत छह माह से बनी हुई है। बस्ती में हैंडपंप
नहीं होने के कारण उन्हें छह सौ मीटर से अधिक की दूरी पर स्थित प्राथमिक
विद्यालय के पास लगे हैंडपंप तक जाना पड़ता है। इससे उनका सारा समय पानी की
जुगाड़ में निकल जाता है। वहीं, एक हैंडपंप होने के कारण उस पर काफी भीड़
जमा रहती है, जिससे आए दिन लड़ाई झगड़े होते रहते हैं। उस पर भी दबंगों
द्वारा पानी नहीं भरने दिया जाता है।
महिलाओं ने आरोप लगाते हुए
बताया कि इस संबंध में कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को अवगत कराया
गया, किंतु स्थिति जस की तस है। उन्होंने ड्राई हो चुके हैंडपंप को रिबोर
कराने एवं बस्ती में एक और हैंडपंप लगवाए जाने की मांग जिलाधिकारी से की
है। मांग करने वालों में सुदामा, चक्रावाई, रामरती, वंदना , आरती, गीता,
रामप्यारी, मवईबाई, राधारानी, बारोन बाई, राजबाई, सुशीला, सुमन, गेंदारानी,
मीरा, अतरियावाई, राजकुमारी, मनीषा, किंचा, नादेरवाई आदि शामिल रहीं।