ललितपुर। परिषदीय विद्यालयों में अध्यनरत बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके तहत, अब विद्यालयों में तीन दिन तक बच्चों के न आने पर शिक्षक और बच्चों की टोली उसके घर जाएगी। स्कूल न आने का कारण जानेगी। इसके लिए हर विद्यालय में एक टोली बनाई जाएगी। शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा।
जिले में 1354 परिषदीय और कंपोजिट विद्यालय संचालित है। इनमें करीब डेढ़ लाख बच्चे पंजीकृत हैं। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति 75 फीसदी करने के लिए शासन कई प्रयास कर रहा है। इसके लिए विद्यालय स्तर पर तमाम दिशा निर्देश जारी किए गए हैं लेकिन विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में प्रगति नहीं हो पा रही थी। अब शासन के निर्देश पर विद्यालयों में शिक्षकों और बच्चों को लेकर एक टोली बनाई जाएगी। उक्त टोली तीन दिन तक विद्यालय न आने वाले छात्र-छात्राओं के घर जाएगी और स्कूल आने के लिए बुलावा देकर आएगी।
इसके साथ ही बच्चे के स्कूल न आने का कारण जानेगी। अभिभावकों से बातचीत कर स्कूल न आने का कारण जानेगी और टोली के सदस्य अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। इसके साथ ऐसे बच्चों के स्कूल आने पर रेमेडियल कक्षाएं चलाई जाएगी। इससे स्कूल न आने पर बच्चों का कोर्स न पिछड़ सके।
वर्जन
विद्यालयों में 75 फीसदी तक बच्चों की उपस्थिति कराने के लिए जिले के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। तीन दिन तक विद्यालय नहीं आने वाले छात्रों के घर बुलावा देने के लिए विद्यालयों में गठित की जाने वाली टोलियां जाएंगी। - हरिकेश यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी