ललितपुर। थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम कल्यानपुरा एवं माड़री के बीच चलती टैक्सी से गिरकर एक ग्रामीण की मौत हो गई। हादसा सड़क पर गड्ढा होने की वजह से हुआ था।
थाना बार के अंतर्गत ग्राम माऊलैन निवासी हुकुम सहरिया (45) पुत्र हिरउ शनिवार को रिश्तेदारी में जखौरा के ग्राम बुंदेड़ी गया था। शनिवार की रात वह परिवार सहित टैक्सी से लौट रहा था। अभी वह कल्यानपुरा-मांदड़ी के बीच ही पहुंचे थे कि उनकी टैक्सी अचानक से सड़क पर गड्ढा होने के कारण अचानक से उछल गई, जिससे उसमें बैठे हुकुम सहरिया टैक्सी से सड़क पर गिर गए। दुर्घटना में वह गंभीर रुप से घायल हो गए। परिजन टैक्सी रुकवाकर उन्हें तत्काल बार अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। लेकिन जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने उसका शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र ने बताया कि उनका परिवार बीते रोज ग्राम बुंदेड़ी में एक श्राद् में शामिल होने गया था। लौटने के दौरान यह हादसा हो गया। मृतक के चार पुत्र व दो पुत्रियां हैं। हुकुम सहरिया खेती-किसानी करते थे। फिलहाल परिवार ने किसी प्रकार की कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी है।