ललितपुर। थाना कोतवाली के अंतर्गत मोहल्ला नेहरू नगर में एक टैक्सी चालक हालत बिगड़ने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोहल्ला नेहरू नगर निवासी संजय (28) पुत्र शालिगराम गल्ला मंडी में लोडिंग टैक्सी चलाकर परिवार चलाता था। शनिवार की सुबह करीब दस बजे वह अपने साथियों के साथ कहीं निकल गया। इसके बाद शाम को करीब छह बजे घर लौटा और हाथ- मुंह धोने के बाद खाना खाने को बैठा ही था कि उसे अचानक उल्टियां होने लगीं और हालत बिगड़ गई। यह देखकर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने मृतक का मेमो बनाकर कोतवाली पुलिस को भेज दिया। इस पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के भाई राकेश ने बताया कि शनिवार की सुबह उसके भाई संजय को कुछ दोस्त अपने साथ ले गए थे। शाम को भाई वापस आया और उसकी अचानक तबीयत खराब हो गई। जिला अस्पताल में इलाज के कुछ ही समय बाद उसकी मौत हो गई। बताया कि मृतक चार भाइयों में सबसे बड़ा था और उसके दो पुत्र हैं। संजय गल्ला मंडी में लोडिंग टैक्सी चलाता था।
युवक की मौत के संबंध में जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - संजय कुमार शुक्ला, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक