कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में तीन माह पूर्व किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में दर्ज मुकदमा के आरोपी को मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिला के बलदेवगढ़ के ग्राम मासनहटा में आरोपी को पकड़ने गए एक सब इंस्पेक्टर पर हमला कर दिया गया, जिससे सब इंस्पेक्टर के कान में चोट आने से वह घायल हो गए। वहीं, हमला करने वाले आरोपी फरार हो गए।
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत तीन माह पूर्व एक गांव निवासी किशोरी से दुष्कर्म के मामले में कोतवाली पुलिस ने मध्य प्रदेश के पड़ोसी जिला टीकमगढ़ के बलदेवगढ़ थाना के ग्राम मासनहटा निवासी राहुल सहरिया के खिलाफ धारा 363, 366, 376, 504, 506 एवं 120बी के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इस मामले में उक्त आरोपी तभी से फरार चल रहा था।
सोमवार को ललितपुर कोतवाली की गोविंद सागर बांध चौकी प्रभारी साजेश कुमार अपने पुलिस बल के साथ आरोपी की गिरफ्तार के लिए मध्य प्रदेश पहुंचे और थाना बलदेवगढ़ से दो पुलिस स्टाफ कर्मी के साथ आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके गांव पहुंचकर उसके घर दबिश दी। यह देख वह और उसके परिवारजन आक्रोशित हो गए और कुल्हाड़ी व पत्थरों से इंस्पेक्टर पर हमला कर दिया। यह देख पुलिस ने वहां से किसी प्रकार निकलकर अपना बचाव किया और थाना बल्देवगढ़ में इस हमले की सूचना दी, जिस पर वहां अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया, लेकिन तब तक उक्त सभी आरोपी मौके से भाग गए।
वहीं, बल्देवगढ़ पुलिस ने सब इंस्पेक्टर साजेश कुमार को बलदेवगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। इस हमले में सब इंस्पेक्टर के कान में चोट आई है। वहीं सब इंस्पेक्टर की तहरीर के आधार पर थाना बलदेवगढ़ पुलिस ने आरोपियों राहुल सहरिया, गुलाब सहरिया एवं विजय सहरिया के खिलाफ दबिश के दौरान हमला करने की धाराओं 353, 323, 324, 294, 506, 224, 225, 332, 333 (34) आईपीसी के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पॉक्सो एक्ट एवं दुष्कर्म के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सब इंस्पेक्टर साजेश कुमार मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ गए थे, जहां उन पर आरोपी ने पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे सब इंस्पेक्टर के कान में चोट आई है। इस मामले में मध्य प्रदेश के थाना बलदेवगढ़ में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवा दी गई है।
-अभय नारायण राय, क्षेत्राधिकारी सदर