संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। पसीने के बीच 19 राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं पढ़ाई करने को मजबूर हैं। कारण, बिजली विभाग द्वारा शिक्षा विभाग से 43.67 लाख रुपये जमा कराने के बाद भी कनेक्शन न देना। डीआईओएस ने एक पत्र इन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को जारी किया और बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर कनेक्शन कराने को कहा।
माध्यमिक शिक्षा परिषद अंतर्गत 39 राजकीय विद्यालय संचालित हैं, इनमें 31 राजकीय हाईस्कूल और 8 राजकीय इंटर कॉलेज शामिल हैं। विद्यालयों में करीब 40 हजार छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। प्रोजेक्ट अलंकार के तहत 19 विद्यालयों को विद्युतीकरण के लिए चिह्नित किया गया था। इन 19 विद्यालयों में 3064 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं और इनमें विद्युतीकरण के लिए 43,67243 रुपया शासन ने स्वीकृत किया था। फरवरी में उक्त 43,67243 धनराशि बिजली विभाग को भेज दी गई। इसके बाद उम्मीद जगी थी कि नवीन शैक्षिक सत्र शुरू होने पर इन विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों को गर्मी से राहत मिलेगी। लेकिन, दो माह गुजर जाने के बाद भी इन विद्यालयों में कनेक्शन नहीं किए गए।
करीब 3064 छात्र-छात्राओं को इस भीषण गर्मी में पसीने के बीच पढ़ाई करने को मजबूर होना पड़ रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि 19 विद्यालयों में बिजली कनेक्शन के लिए विभाग में रुपये जमा किए जा चुके हैं। लेकिन, अभी कनेक्शन नहीं किए गए हैं। उम्मीद है कि विद्यालयों में जल्द ही बिजली कनेक्शन हो जाएंगे।
-
इन विद्यालयों में होने हैं कनेक्शन
राजकीय इंटर काॅलेज माताटीला, राजकीय हाईस्कूल तेरईफाटक, राजकीय हाईस्कूल कुम्हैड़ी, राजकीय हाईस्कूल हंसारकलां, राजकीय हाईस्कूल नगारा इसमें शामिल है। साथ ही राजकीय हाईस्कूल कल्यानपुरा, राजकीय हाईस्कूल वीर, राजकीय हाईस्कूल दावनी, राजकीय हाईस्कूल पठा, राजकीय हाईस्कूल साढूमल, राजकीय हाईस्कूल डोंगराकलां, राजकीय हाईस्कूल करमुहारा है। वहीं, राजकीय हाईस्कूल बानौनी, राजकीय हाईस्कूल ककोरिया, राजकीय हाईस्कूल अंधेर, राजकीय हाईस्कूल मैनवारा, राजकीय हाईस्कूल सतरवांस, राजकीय हाईस्कूल थनवारा और राजकीय हाईस्कूल जामुनधानाकलां शामिल हैं।