तहसील में प्रदर्शन करते छात्र और अभिभावक
प्रभारी प्रधानाध्यापक और अध्यापिका पर विद्यालय में अमर्यादित आचरण का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। तहसील परिसर में शनिवार को एक गांव के प्राथमिक विद्यालय के छात्रों और उनके अभिभावकों ने प्रदर्शन किया। आरोप है कि विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक और एक शिक्षिका अमर्यादित आचरण करते हैं। वहीं, इन दोनों ने आरोपों को गलत बताया है।
छात्रों ने बताया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक और शिक्षिका स्कूल में ही करवाचौथ और वेलेंटाइन डे मनाते हैं। दोनों पढ़ाते भी नहीं हैं। अगर अन्य शिक्षक विरोध करते हैं तो उनसे भी विवाद करते हैं। अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। तहसील में शिकायत के बाद छात्रों और अभिभावकों ने विद्यालय में भी हंगामा किया। प्रभारी प्रधानाध्यापक और शिक्षिका ने एतराज जताया। हंगामे की जानकारी के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया।
आरोपित शिक्षिका ने दी आत्महत्या की धमकी
इस मामले में आरोपित अध्यापिका ने बीएसए को पत्र लिख कर विद्यालय में कार्यरत कुछ अध्यापकों एवं अध्यापिकाओं पर बदनाम करने का आरोप लगाया है। अध्यापिका ने कहा कि वह आत्महत्या कर सकती हैं। उन्होंने लिखा है कि उनके दो छोटे बच्चे और एक दो वर्ष की बच्ची है।
संपूर्ण समाधान दिवस में दौरान मामला प्रकाश में आया है। छात्रों एवं अभिभावकों के आरोप कष्टकारी है। मामले की जांच कराकर जो सही होगा उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- समर सिंह गौर, बीईओ, तालबेहट