ललितपुर। पुलिस उपमहानिरीक्षक जोगेंदर सिंह ने मंगलवार को पुलिस लाइन में विभागीय अफसरों के साथ अपराध समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि थाने में बैठाए गए आरोपियों की पूर्ण जानकारी थानेदार को चौबीस घंटे में दो बार पुलिस अधीक्षक को देनी होगी। महिला अपराध पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित चल रहे प्रकरणों में जांच में तेजी लाने और लूट, सामूहिक दुष्कर्म, डकैती, चोरी व हत्या के मामलों में नियमानुसार गैंगस्टर की कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीआईजी ने कहा कि थाने में पूछताछ के लिए लाए गए व्यक्तियों के संबंध में एसपी को 24 घंटे में दो बार जानकारी दें। यदि उसके अलावा भी कोई व्यक्ति कार्यालय या थाने में पाया जाता है तो संबंधित थाना प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने थाने में तैनात कारखास को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। कहा कि कोई ऐसा काम न करें, कि उससे पुलिस की बदनामी हो। समस्त थाना प्रभारियों को थाना पहुंचने पर पहले थाना का रजिस्टर देखना चाहिए। सक्रिय अपराधी, इनाम घोषित अपराधी, थाने के टॉप टेन अपराधी, हिस्ट्रीशीटर कितने हैं, किसकी निगरानी हो रही देखना चाहिए। थाना प्रभारियों का दायित्व है, मौके पर जाकर वस्तुस्थिति पता कर कार्रवाई करें।
परिवार के साथ जा रहे लोगों को अनावश्यक परेशान न किया जाए
वाहन चेकिंग के दौरान नई उम्र के लड़कों, विशेषकर दोपहिया वाहन पर तीन सवारी वालों को चेक किया जाए। परिवार के साथ जा रहे लोगों को अनावश्यक परेशान न किया जाए। सामूहिक दुष्कर्म के मामलों में शत प्रतिशत गैंगस्टर व एनएसए लगाना है। कोतवाली क्षेत्र में पेट्रोल पंप लूट की घटना के संबंध में रिपोर्ट में एसआर न भेजने पर जांच के आदेश किए जाएंगे। थानों के अंतर्गत टॉप टेन अपराधियों, सक्रिय अपराधियों, गैंगस्टर का पता कर आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगाएं। उन्होंने कहा कि जहां अपराध अधिक हैं, उन थानों में 15 सक्रिय अपराधी एवं कम अपराध वाले थानों में आठ सक्रिय अपराधी चिह्नित करें। उन्होंने बताया कि जिले में 59 जिला बदर अपराधी हैं, इनमें आठ को जनपद में पाए जाने पर गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। कोतवाली प्रभारी को निर्देश दिए कि शराब माफिया की अचल संपत्ति का पता कर संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई करें।
--------
पुष्पेंद्र हत्याकांड के मामले में जल्द अनावरण के निर्देश दिए
ललितपुर। एक वर्ष पहले हाथ पैर बांधकर पुष्पेंद्र के शव को बांध में फेंककर हत्या के मामले में पुलिस उपमहानिरीक्षक ने कहा कि अब तक खुलासा न होने और विवेचकों द्वारा इसके लिए क्या-क्या प्रयास किए गए आदि के संबंध में प्रारंभिक जांच के आदेश निर्गत किए जाएंगे। वर्तमान की विवेचना प्रभारी निरीक्षक कोतवाली जय प्रकाश चौबे द्वारा की जा रही है। जिन्हेें डीआईजी ने अविलंब खुलासा के निर्देश दिए।