महरौनी (ललितपुर)। चुनावी माहौल में प्रत्याशियों के रोड शो आम जनता के लिए मुसीबत खड़ी कर रहे हैं। सोमवार को सपा प्रत्याशी के रोड शो के दौरान मुख्यमार्ग पर लंबा जाम लग गया। इस दौरान जाम में फंसी एक एंबुलेंस में सवार गर्भवती प्रसव पीड़ा से तड़पती रही। करीब आधे घंटे बाद जब जाम खुला तब एंबुलेंस निकल कर अस्पताल पहुंची।
सोमवार को महरौनी में साप्ताहिक हाट बाजार में क्षेत्र के ग्रामीण सब्जी सहित सामान खरीदने के लिए आए तो बाजार में भीड़ लग गई। इसी दौरान सपा प्रत्याशी रामविलास रजक का रोड शो शुरू हो गया, जिससे मुख्य मार्ग पर पशु अस्पताल के सामने जाम लग गया। इसी दौरान ब्लॉक के ग्राम रुकवाहा निवासी सुरेंद्र सिंह यादव की गर्भवती पत्नी आरती (28) को अस्पताल लेकर जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। प्रसूता दर्द से कराहती रही लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। करीब आधे घंटे बाद जाम खुलने पर एंबुलेंस अस्पताल के लिए जा सकी।