पालिकाध्यक्ष ने किया मोहल्ला सिद्दनपुरा का निरीक्षण तो लोगों ने बताईं समस्याएं, सात दिन में हल करने का निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। साहब...सफाई कर्मी नहीं आते हैं। आते भी हैं तो कहने के बाद भी सफाई नहीं करते हैं। इससे घर के बाहर गली में पानी जमा हो जाता है। इससे निकलना तक मुश्किल होता है। बुधवार को नगर पालिका परिषद के वार्ड एक मोहल्ला सिद्दनपुरा में नपा अध्यक्ष सोनाली जैन निरीक्षण करने पहुंची तो एक वृद्धा ने शिकायत की। अध्यक्ष ने संबंधित स्वास्थ्य नायक को कड़ी फटकार लगाते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में सफाई, खराब लाइटों की समस्या मिली। सात दिन में इसके निराकरण का निर्देश दिया गया।
बदहाल मिली सफाई व्यवस्था, लोगों ने की शिकायत
शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने लिए निरीक्षण का रोस्टर तय किया गया है। इसके अनुसार, मोहल्ला सिद्दनपुरा का निरीक्षण किया गया। इसमें मोहल्लेवासियों ने बताया कि डोर टू डोर कचरा वाहन कभी-कभी आता है। इस पर फटकार लगाते हुए नियमित वाहन डोर टू डोर भेजे जाने के निर्देश दिए। उन्होंने मोहल्लेवासियों को अपना नंबर दिया और कहा कि कोई भी पालिकाकर्मी लापरवाही करता है तो आप तत्काल मुझसे संपर्क करें। नेंसी गार्डन के पास एक प्लाट में कचरा पाया गया। वहीं, नालियां भी चोक पाई गईं, जिस पर जेसीबी से हटाने व प्लाट स्वामी के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
क्षतिग्रस्त सड़कें रहीं समस्या
निरीक्षण में वार्ड में कई गलियों की सड़कें क्षतिग्रस्त पाई गईं। इस पर अध्यक्ष ने अवर अभियंता खुशबू खान व निर्माण लिपिक सुधीर रावत को समस्याओं को दर्ज करते हुए छोटे-छोटे कार्य को सात दिन में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बताया कि जिन गलियों में सड़क नहीं हैं, इसके लिए प्रस्ताव को आगामी बोर्ड की बैठक में स्वीकृति के लिए रखने के निर्देश दिए।
खंभों पर खराब मिलीं स्ट्रीट लाइटें
वार्ड में खंभे तो लगे मिले लेकिन इन पर स्ट्रीट लाइटें नहीं पाई गईं। वहीं, कुछ खंभों पर क्षतिग्रस्त तो कुछ पर खराब लाइटें लगी मिलीं। इस पर नपाध्यक्ष ने प्रभारी सफाई एवं खाद्य निरीक्षक/मुख्य स्टोर लिपिक महेंद्र सिंह यादव से लाइटों को तत्काल लगाने और खराब की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गलियों में प्रकाश की समस्या न रहे। निरीक्षण में मोहल्लेवासियों ने बताया कि पाइपलाइन तो डाल दी गई है लेकिन पानी नहीं मिल सका है। ऐसे में पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। इस पर अध्यक्ष ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता से पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान मुन्नालाल जैन, केएनए राजेंद्र प्रसाद, कर अधीक्षक राजेश कुमार जैन, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक जितेंद्र स्वरूप तिवारी आदि मौजूद रहे।