संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम अंधियारी हाल निवासी मोहल्ला पिसनारी निवासी राजेश (43) को संदिग्ध परिस्थिति में अचेतावस्था में उसके परिजन जिला अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के साढू के पुत्र आकाश कुमार ने बताया कि राजेश शहर में इलाइट क्षेत्र में ब्याना नाला के पास फर्नीचर की दुकान चलाता था। शुक्रवार सुबह वह दुकान पर गया था। यहां से लकड़ी के सोफासेट के तैयार राजेश बाइक से अंधियारी निकल गया था।
शाम को अंधियारी के ग्रामीणों ने राजेश के पुत्र रवि को फोन कर जानकारी दी कि उसके पिता को उल्टियां हो रही हैं। रवि अन्य परिजन के साथ अंधियारी पहुंचा। यहां राजेश एक पेड़ के नीचे चारपाई पर लेटा था और गांव के कुछ लोग मौजूद थे। आनन फानन राजेश को बाइक पर बैठाकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। राजेश की जेब से एक पर्ची मिली। उक्त पर्ची को पुलिस ने कब्जे में लिया है। मृतक राजेश दो बहनों का इकलौता बड़ा भाई था और उसके दो पुत्री व एक पुत्र है। सीओ सदर अभय नारायण राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा।