ललितपुर। थाना नाराहट क्षेत्र के ग्राम बेटना में एक अंग्रेजी शराब की दुकान की दीवार तोड़कर चोरों ने करीब पांच लाख रुपये कीमत की शराब की बोतलें चोरी कर लीं। दुकान बंद होने के बाद देर रात को चोरी को अंजाम दिया गया। अगले दिन सुबह आसपास के लोगों ने दुकान संचालक को चोरी की जानकारी दी।
थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम रायपुर निवासी दयाशंकर की अंग्रेजी शराब की दुकान नाराहट क्षेत्र के ग्राम बेटना में बस स्टैंड पर है। सोमवार रात को दुकान का सेल्समेन सुमित कुमार रात को करीब दस बजे दुकान बंद करके घर चला गया। अगले दिन मंगलवार सुबह करीब सात बजे जब आसपास के लोगों ने उसकी शराब की दुकान की पीछे की दीवार में एक बड़ा छेद देखा तो सेल्समेन को जानकारी दी। सेल्समेन ने दुकान पर जाकर देखा तो दुकान के पीछे की दीवार में बड़ा छेद था और उसमें से शराब की काफी बोतलें गायब थीं। जिस पर उसने इसकी जानकारी शराब ठेकेदार दयाशंकर को दी, जिस पर वह मौके पर पहुंच गए और डायल 112 को सूचना दी। दयाशंकर ने बताया कि उसकी दुकान में विभिन्न प्रकार के ब्रांड की शराब की बोतलें रखी थीं, जो अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली हैं। उने लगभग पांच लाख रुपये कीमत के शराब की बोतलें चोरी होने की आशंका जताई है। जानकारी मिलने पर नाराहट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और चोरी की इस घटना की जांच में जुट गई है।