ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रजवारा में ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी रेफर कर दिया।
शहर के मोहल्ला तालाबपुरा निवासी मनीषा झा (26) पुत्री राजधर बृहस्पतिवार को दोपहर में कचनौंदा बांध स्कूटी से घूमने गई थीं। शाम करीब चार बजे जब वह स्कूटी से लौट रहीं थीं, तभी रास्ते में ग्राम रजवारा में मंदिर के पास एक ट्रक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। यह देख राहगीरों ने उन्हें उठाया और 108 एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।