ललितपुर। जिले में संचालित अनफिट स्कूली वाहनों के खिलाफ विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार को विभाग में पंजीकृत 129 स्कूल वाहनों में से 110 की जांच की गई। जिसमें 49 स्कूली वाहन अनफिट पाए गए हैं। जिन्हें विभाग ने नोटिस जारी कर एक सप्ताह का समय दिया है। इसके बाद इन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं अन्य वाहनों की भी जांच की जा रही है।
बीते दिनों गाजियाबाद में एक स्कूल बस की खिड़की से झांक रहे छात्र का सिर पेड़ से टकराने मौत हो गई थी। इस पर प्रदेश के जिलों में संचालित स्कूल बसों की फिटनेस और मरम्मत, मानकों की जांच के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश शासन ने जारी किए थे। इस पर परिवहन विभाग ने स्कूली वाहनों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। जिले में परिवहन विभाग में 129 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं। इनमें 34 बसें 27 से 40 सीटर हैं। शेेष 14 सीटर से आठ सीटर तक हैं। विभाग ने अब तक 129 वाहनों में 110 वाहनों की जांच की। जिसमें 49 वाहनों मानकों पर खरे नहीं उतरे, उन्हें विभाग ने नोटिस जारी किए।
विभाग ने वाहनों की जांच में पाया कि स्कूली बसों में आगे पीछे स्कूलों के नाम अंकित नहीं मिले। कुछ वाहनों की फिटनेस नहीं पाई गई, तो कई में फर्स्ट एड बॉक्स नहीं मिले। साथ ही कइयों में उतरने व चढ़ने के लिए हैंडल नहीं पाए गए। इन्हें कमियों को पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही वाहन स्वामियों को बसों के मानक बताए गए। उन्होंने बताया कि सात दिन का समय बसों को मानक अनुरूप बनाए जाने के लिए दिया गया है। इसके बाद बिना फिटनेस स्कूलों बसों व अन्य मानक विहीन वाहन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग में पंजीकृत स्कूली वाहनों में 110 वाहनों की जांच की गई। जिसमें 49 वाहनों में कमी पाए जाने पर वाहन स्वामियों को नोटिस जारी किए गए हैं। सात दिन बाद कमी पूरी न करने पर कार्रवाई की जाएगी।
- सुरेंद्र कुमार अग्रवाल, यात्री कर अधिकारी, परिवहन विभाग