11 मार्च से विद्यालयाें में प्रवेश कराने की प्रक्रिया होगी शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ाई का मौका देने के लिए दूसरे चरण की लॉटरी प्रक्रिया सोमवार को हुई। इसमें 265 बच्चों को विद्यालय आवंटित किए गए। 11 मार्च से इन बच्चों के प्रवेश कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
एक अप्रैल से शुरू हो रहे नए शैक्षिक सत्र में आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चों को निजी विद्यालयों में निशुल्क व अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत आरक्षित 25 फीसदी सीटों पर प्रवेश दिलाया जाता है। इसके लिए पात्रता रखने वाले परिवार के बच्चों से ऑनलाइन आवेदन करवाए जाते हैं। नए शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए आरटीई की प्रक्रिया में पहले चरण के बाद 21 फरवरी से दूसरे चरण के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हुई थी।
इसमें आवेदन की निर्धारित अंतिम तारीख 7 मार्च तक कुल 619 आवेदन आए थे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह ने बताया कि दूसरे चरण में आए आवेदन को लेकर लॉटरी प्रक्रिया की गई। अब इन बच्चों को 11 मार्च से आवंटित हुए विद्यालयों में प्रवेश कराना शुरू कर दिया जाएगा ताकि एक अप्रैल से शुरू हो रहे नए शैक्षिक सत्र में वह पढ़ाई शुरू कर सकें।
दो चरण की प्रक्रिया में आए आवेदन और चयनित बच्चों की सूची
चरण - आवेदन - चयनित बच्चे
प्रथम - 2273 - 892
दूसरा - 619 - 265
तीसरे चरण के लिए 12 मार्च से शुरू होंगे आवेदन
पहले और दूसरे चरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 12 मार्च से तीसरे चरण के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। आवेदन करने की अंतिम तारीख 25 मार्च निर्धारित है। 27 मार्च को लॉटरी प्रक्रिया कर विद्यालय आवंटित किए जाएंगे और 29 मार्च से चयनित बच्चों को विद्यालयों में प्रवेश कराया जाएगा।