ललितपुर। परिवहन निगम अध्यक्ष के निर्देश के बाद भी ग्राम रोड़ा स्थित निर्माणाधीन रोडवेज डिपो की हालत में कोई सुधार नहीं है। अब तक यहां न तो पानी की सुविधा हो सकी है और न ही हाईवे से बसों के लिए प्रवेश व निकासी के लिए यूटर्न बन सका है। यही नहीं, निर्माण कार्य में तेजी नहीं आई है।
27 अगस्त को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार तिवारी ने रोड़ा स्थित रोडवेज डिपो का निरीक्षण किया था, जहां पर पानी की उपलब्धता नहीं थी, इस पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जल निगम/जल संस्थान के अधिकारियों से समन्वय कर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसके अलावा हाईवे मार्ग से बसों के प्रवेश के लिए यूटर्न बनाने के लिए के लिए निर्देशित किया था।
लेकिन, निर्देश के दो माह बाद भी रोडवेज की निर्माणाधीन डिपो की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। यहां पर दो वर्ष से हाईवे से मुख्य भवन तक सीसी रोड का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। अंदर परिसर में पेपर ब्रिक्स नहीं बिछाए जा सके हैं। इसके अलावा अन्य कार्य भी पूरे नहीं हो सके हैं। परिवहन निगम अध्यक्ष के अध्यक्ष के निर्देश के बाद भी अब तक पानी को लेकर कोई व्यवस्था नहीं हो सकी है। दूसरी ओर से आ रहे वाहनों के प्रवेश के लिए यूटर्न तक नहीं बनाया गया है।
लोगों ने जताई थी डिपो संचालन की उम्मीद
रोडवेज डिपो का 27 अगस्त को परिवहन निगम के अध्यक्ष ने निरीक्षण किया था, जिस पर लोगों ने डिपो के अधूरे पड़े कार्य में तेजी लाकर पूरी तरह से तैयार करने की उम्मीद लगाई थी। इसके साथ ही लोगों को यातायात की सुविधा मिलने की आस लगाई। लेकिन विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के चलते अधिकारियों के आदेश भी बेअसर साबित हो गए। अब तक हालत जस की तस बनी हुई है।
रोडवेज डिपो के संचालन से ग्रामीण क्षेत्रों तक में सुविधाएं हो सकेंगी, लेकिन विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के चलते सुविधाएं नहीं मिल पा रहीं है।
- रामबाबू यादव
ग्रामीण क्षेत्रों में रोडवेज बस सेवा बंद पड़ी हुई है। ऐसे में रोडवेज डिपो का निर्माण तेजी से कराया जाए, जिससे लोगों को यातायात की सुविधा मिल सके।
- मुकेश रजक
जनपद में रोडवेज डिपो के निर्माण में तेजी नहीं लाई जा रही है। ऐसे में बसों की कमी से लोगों केे जान जोखिम में डालकर यात्रा करना पड़ रही है।
- बलवंत सिंह राजपूत, जिलाध्यक्ष कांग्रेस
रोडवेज डिपो का अधिकांश कार्य पूरा हो गया है। पानी की कमी के लिए स्थानीय स्तर पर किसानों की जमीन से खोजा जा रहा है। जल्द ही डिपो का कार्य पूरा कराया जाएगा।
- रामरतन कुशवाहा, सदर विधायक
पानी की कमी से डिपो का कुछ कार्य नहीं हो पा रहा है। पानी की सुविधा होते ही डिपो का चालू कराया जाएगा।
- लोकेश राजपूत, क्षेत्रीय प्रबंधक, रोडवेज डिपो, झांसी