ललितपुर। पुलिस महानिरीक्षक कानपुर जोन के निर्देश पर जिले भर मेें वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 19 मोटरसाइकिल व 04 चारपहिया वाहनों को सीज किया गया। कई वाहन ऐसे मिले, जिनके पास रजिस्ट्रेशन तो उपलब्ध था, लेकिन उनके वाहनों पर नंबर नहीं लिख गया था। इस पर पेंटर को बुलवाकर नंबर लिखवाए गए।
बुधवार को एसपी मो. इमरान की देखरेख में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। नगर क्षेत्र में एसपी, एएसपी सुधा सिंह, सीओ सदर बल्देव सिंह, कोतवाली प्रभारी एसके वैश्य व यातायात प्रभारी नीरज दीक्षित ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान की अगुवाई की। इस दौरान 398 वाहनों के चालान काटे गए, जिनसे 68,200 रुपये शमन शुल्क वसूला किया गया।
इसके अलावा महरौनी और तालबेहट में भी चेकिंग अभियान चलाया गया। बुधवार की दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ अभियान दिन में 2 बजे तक चला। चेकिंग अभियान के दौरान बैंकों के पास खड़े वाहनों को भी जांचा गया। तीन सवारी और बिना कागज के वाहन चलाने वालों का चालान काटा गया। पूरे जिले में कुल 1,350 वाहनों की जांच की गई।
कई वाहनों पर नंबर नहीं लिखे थे, इस पर यातायात पुलिस ने पेंटर को मौके पर बुलाकर ऐसे वाहनों पर नंबर लिखवाए। साथ ही उन वाहनों पर भी दोबारा नंबर लिखवाए गए, जिनकी नंबर प्लेट से नंबर मिट गए थे। पेंटर को वाहन मालिकों से मेहनताना दिलाया गया।