ललितपुर। रक्षाबंधन पर्व पर अन्य जनपदों में नौकरी करने वाले व अन्य कामगारों के ट्रेनों से लौटने का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को भी ट्रेनों में लौटने वालों की भारी भीड़ रही। ट्रेनों से उतरने पर प्लेटफार्म पर लोगों की बड़ी भीड़ बाहर आती दिखाई दी। वेटिंग टिकट कंफर्म न होने से यात्रियों को खासी समस्या का सामना करना पड़ा।
ललितपुर से झांसी, टीकमगढ़, सागर, इंदौर के लिए तो बसों का संचालन होता है, लेकिन दिल्ली, आगरा, ग्वालियर, भोपाल, मुंबई, जबलपुर, कानपुर व लखनऊ जाने के लिए लोगों को ट्रेन से ही यात्रा करनी पड़ती है। रक्षाबंधन के त्योहार पर काफी पहले से ही ट्रेनों में आरक्षण फुल रहा। अप और डाउन रूट की पठानकोट, कुशीनगर, साबरमती, पंजाबमेल और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, पातालकोट, दक्षिण एक्सप्रेस समेत अधिकांश ट्रेनों में वेटिंग टिकट कंफर्म न होने के कारण लोगों को जनरल बोगी में सफर करना पड़ रहा है। जबकि जनरल बोगी भी फुल होने से स्लीपर कोचों में भी पैर रखने की भी जगह नहीं मिली। रक्षाबंधन को देखते हुए बुधवार को प्लेटफार्म पर काफी भीड़ दिखाई दी। वहीं, हीराकुंड, प्रयागराज, आसनसोल, दादर सेंट्रल एक्सप्रेस, कुरुक्षेत्र एक्सप्रेस, समता एक्सप्रेस ट्रेनों में भीड़ रही। भीड़ को देखते हुए आरपीएफ व जीआरपी ने विशेष चेकिंग व सुरक्षा अभियान भी चलाया। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके सामान की तलाशी ली। एक अगस्त से अब तक ट्रेनों और प्लेटफार्म पर चलाए गए बिना टिकट चेकिंग अभियान में 157 बिना टिकट के यात्रा करते हुए लोग पकड़े गए। इनसे रेलवे ने 33885 रुपये जुर्माना वसूल किया। पीआरओ झांसी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बिना टिकिट यात्रा करने वाले लोगों के खिलाफ चेकिंग अभियान निरंतर चलाया जाता रहेगा। लोगों से अपील है कि बिना टिकट के यात्रा न करें।
-