संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। चार वर्ष पूर्व गोविंद सागर बांध में हाथ-पैर व मुंह बांधकर फेंके गए छात्र हत्याकांड का जिन्न एक बार फिर बाहर निकल आया है। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने इस हत्याकांड का खुलासा करने के लिए नए सिरे से जांच-पड़ताल करने के निर्देश दिए हैं।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सतरवांस, हाल मोहल्ला पटेल नगर निवासी पुष्पेंद्र पटेल (16) पुत्र दयाराम पटेल की 16 नवंबर 2020 को हाथ पैर बांधकर गोविंद सागर बांध में फेंककर हत्या कर दी गई थी। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया था। खुलासे के लिए तत्कालीन पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने एसओजी समेत अन्य टीमों का गठन किया था। मृतक के पिता को ले जाकर कई बार घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया गया। कई लोगों से पूछताछ भी की गई, लेकिन पुलिस के हाथ हत्यारोपियों से दूर रहे। दो वर्ष छानबीन करने के बाद साक्ष्य न मिलने पर 2022 में अंतिम रिपोर्ट लगाकर केस बंद कर दिया था।
लेकिन, मृतक छात्र पुष्पेंद्र का पिता लगातार अधिकारियों से खुलासा करने की मांग करता रहा। अब पुलिस अधीक्षक ने इस केस का नए सिरे से जांच कराने का निर्णय लिया है। जांच एसपी अपनी मॉनीटरिंग में कराएंगे।