राजस्व और पुलिस विभाग के मामले छाए रहे
ललितपुर। जनपद की समस्त तहसीलों में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील तालबेहट में जिलाधिकारी आलोक सिंह ने जनसमस्याओं को सुनकर उनके निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करना सुनिश्चित करें, क्योंकि शिकायतों की अधिकता से जिला प्रशासन की संवेदनशीलता पता चलती है। उन्होंने कहा कि उन विभागों पर विशेष ध्यान दें, जिन विभागों की शिकायतें अधिक प्राप्त होती हैं। कोशिश करें कि शिकायतों को मौके पर ही निस्तारण संभव हो सके, इसके अलावा निस्तारण से शिकायतकर्ता को भी अवगत कराएं।
तहसील तालबेहट में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में सोमवार को कुल 87 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व विभाग के 32, पुलिस के 19, विकास विभाग के 08, पूर्ति विभाग के 05, विद्युत विभाग के 03 और अन्य विभागों के 20 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से छह शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं, तहसील ललितपुर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 22 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व विभाग के 07, पुलिस विभाग के 05, विनियमित क्षेत्र का 01, नगर पालिका के 02, विद्युत के 05, सिंचाई का 01 एवं चकबंदी का 01 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ, जिनमें से तीन शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया। तहसील पाली में संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 15 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व विभाग के 07, पुलिस के 02, समाज कल्याण के 02, पूर्ति विभाग, विद्युत विभाग, नगर पंचायत एवं लोक निर्माण विभाग का एक-एक शिकायती पत्र प्राप्त हुआ।
तहसील मड़ावरा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल आठ प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व विभाग के 03, पुलिस के 04 एवं चकबंदी का एक शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ। तहसील महरौनी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 15 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व विभाग के 07, पुलिस के 04, विद्युत के 02, चकबंदी के 02 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए।
शासन की मंशा के अनुसार करें समस्याओं का समाधान: जिलाधिकारी
तालबेहट। दीपावली की छुट्टी होने के कारण शनिवार को आयोजित होने वाला संपूर्ण समाधान दिवस सोमवार को तहसील सभागार में जिलाधिकारी आलोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुआ। जिसमें विभिन्न विभागों की जन शिकायतों को सुना गया और उनके जल्द निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस मौके पर 87 शिकायती पत्र आए। जिनमें आधा दर्जन का समाधान हुआ।
संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी आलोक कुमार सिंह ने कहा कि अधिकारी संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाले शिकायती पत्रों का दोनों पक्षों की मौजूदगी में गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण करें। जिससे फरियादी को बार-बार अपनी समस्या को लेकर चक्कर न लगाने पड़े।
इस मौके पर राजस्व विभाग के 32, पुलिस के 19, विकास के 8, पूर्ति विभाग के 5, विद्युत के 3 तथा अन्य विभागों के 20 शिकायती पत्रों को मिलाकर 86 शिकायती पत्र आए। जिसमें आधा दर्जन शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडे, उपजिलाधिकारी एसपी सिंह मौजूद रहे।