ललितपुर। जिलाधिकारी ने कक्षा आठ उत्तीर्ण कर नौ में प्रवेश लेने वालों का डाटा तैयार करने का निर्देश दिया है। हाल में हुए सर्वे में 12 हजार से अधिक बच्चे ऐसे मिले थे, जिनका प्रवेश कक्षा 9 में नहीं हुआ था। ये बच्चे कहां हैं, इन्होंने अगली कक्षा में प्रवेश क्यों नहीं लिया, इसका डाटा तैयार किया जा रहा है।
बच्चों की कक्षा 12वीं तक की शिक्षा पूर्ण कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। पिछले साल तक के आंकड़ों को देखें तो हजारों विद्यार्थियों ने कक्षा आठ के बाद स्कूल से मुंह मोड़ लिया। जानकारों का कहना है कि स्कूल छोड़ने वालों में सबसे ज्यादा लड़कियां होती हैं। इसका मूल कारण कम उम्र में शादी का रिवाज भी माना जा रहा है। इसके अलावा गांव के आसपास माध्यमिक विद्यालय न होने के कारण लड़कियां स्कूल जाना बंद कर देती हैं।
कक्षा आठ उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों की संख्या 26,988 है, जिनमें से 14,686 छात्रों ने ही कक्षा 9 में प्रवेश लिया है। जो बच गए हैं, उन्हें प्रवेश दिलाने का जिम्मा जिला प्रशासन ने संभाला है। इसके बाद कक्षा 06 व 11 में प्रवेश न लेने वाले विद्यार्थियों का डाटा तैयार किया जाएगा।
शिक्षा से कोई विद्यार्थी वंचित न रह जाए, इसके लिए कक्षा 9 में प्रवेश से वंचित छात्र-छात्राओं की सूची तैयार कराई जा रही है। इसके बाद अन्य कक्षाओं का भी डाटा तैयार किया जाएगा।
अक्षय त्रिपाठी, जिलाधिकारी।