संवाद न्यूज एजेंसी
पाली/बंगरिया। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंगरिया में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर जाने से खेत पर रखे भूसा और लकड़ी में आग लग गई, जिससे पूरा सामान जलकर खाक हो गया। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बंगरिया निवासी नंदलाल कुशवाहा अपने खेत पर बने मकान में परिवार सहित रह रहे हैं। उनके खेत के ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है। मंगलवार को अचानक लाइन का एक तार टूटकर नीचे गिर गया, जिससे पास में रखा भूसा और लकड़ी की ढेर में आग लग गई।
आग लगते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं विद्युत विभाग ने तत्काल लाइन को बंद कर मरम्मत कार्य शुरू कराया।
पीड़ित परिवार ने घटना में हुए नुकसान की भरपाई के लिए जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।