कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में भाग लेते डीएम अन्नावि दिनेश कुमार व राजनैतिक दलों के लोग
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार ने कहा कि मतदान केंद्रों पर पेयजल, बाउंड्रीवॉल, रैंप, फर्नीचर, शौचालय, विद्युत और संपर्क मार्गों पर जो कमी हो उसकी सूची तैयार कर उपलब्ध कराएं, जिससे संबंधित विभागों से समयावधि में व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया जा सके। वह कलक्ट्रेट सभागार में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत वर्तमान मतदान स्थलों की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान अधिकारियों के अलावा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित बैठक में एसडीएम के द्वारा समस्त दावे आपत्तियों के निस्तारण के आधार पर तैयार की गई मतदेय स्थलों की सूची को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों दी गई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राम प्रवेश ने बताया कि प्राथमिक विद्यालयों एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के एक ही परिसर स्थापित होने के कारण उनका नाम परिवर्तन करते हुए कंपोजिट करने की जानकारी दी गई। मड़ावरा के एसडीएम कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय कवराटा का भवन जर्जर हो गया है, उसे गिरवाकर दोबारा बनाया जाएगा। मतदान के लिए अन्य कोई विकल्प भी नहीं है। इस पर डीएम ने कहा कि भवन का मतदान तक ध्वस्तीकरण न किया जाए।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा गया कि वे आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 में संबंधित बीएलओ के अपेक्षित सहयोग/समन्वय हेतु मतदेय स्थलवार नियुक्ति करते हुए सूची आवश्यक रूप से तैयार कर निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने करा दें। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार मिश्र, एसडीएम सदर संतोष उपाध्याय, एसडीएम तालबेहट अनिल कुमार, मडावरा अखिलेश कुमार, महगरौनी श्री कृष्ण आदि अधिकारियों के अलावा कांग्रेस से अजय तोमर,भाजपा से वंशीधर श्रीवास, बसपा से धर्मेंद्र कुमार, सपा से खुशाल चंद्र साहू, सीपीएमआई कामरेड जिनेंद्र जैन, सीपीआई से जमील अहमद मौजूद रहे।