ललितपुर। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए अब प्लेटफार्म चार पर यात्री सुविधाएं बढ़ाई जा रही है। इसके साथ ही अब प्लेटफार्म चार की लंबाई भी बढ़ाई जा रही है, ताकि कोई भी ट्रेन पूरी लंबाई के साथ प्लेटफार्म पर रुक सकें।
रेलवे स्टेशन पर अब प्लेटफार्म चार के संचालन की तैयारियां चल रही हैं। इस प्लेटफार्म पर दोनों छोर व मध्य में कुल तीन शौचालय, लगभग बीस स्थायी बेंच और वाटर टैप का कार्य चल रहा है। साथ ही प्लेटफार्म पर बेंचों पर यात्रियों की छाया के लिए फिलहाल छोटे टिन शेड भी लगाए गए हैं। इसके अलावा यहां अन्य यात्री सुविधाओं के लिए दो फुटओवरब्रिज भी खोले गए हैं, ताकि यात्रियों को प्लेटफार्म दो व तीन एवं प्लेटफार्म एक पर आसानी से पहुंचा जा सके। वहीं अब रेलवे द्वारा प्लेटफार्म चार को फुल लंबाई के साथ बढ़ाने का काम शुरू कर दिया गया है। ऐसे में अब यह प्लेटफार्म प्लेटफार्म दो व तीन की लंबाई के समान हो जाएगा। इसके लिए रेलवे द्वारा झांसी एंड की ओर प्लेटफार्म बढ़ाने का फाउंडेशन बनकर तैयार कर दिया गया है। अब इस प्लेटफार्म पर टाइल्स व अन्य यात्री सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी, ताकि यात्रियों को ट्रेनों के ठहरने पर परेशानी का सामना न करना पड़े।पीआरओ, रेलवे झांसी, मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्लेटफार्म चार को यात्री सुविधाओं के अनुसार विस्तारित किया जा रहा है। जल्द ही प्लेटफार्म चार भी रेल यात्रियों के लिए संचालित हो सकेगा।