ललितपुर। रबी के सीजन के फसलों की बोआई के लिए कृषि विभाग ने विभिन्न प्रकार के बीजों बुकिंग शुरू कर दी है। इसमें किसानों के लिए तोरिया, मटर, चना, सरसों, मसूर, गेहूं, जौ आदि के बीजों की बुकिंग की जा रही है। इसमें दलहन व तिलहन के बीजों की बुकिंग 10 सितंबर तक की जानी है। जबकि गेहूं व जौ की फसल के बीजों की बुकिंग 30 सितंबर तक होगी।
रबी के सीजन 2026-27 में विभिन्न फसलों के बीज वितरण के लिए बुकिंग शुरू हो चुकी है। कृषि विभाग की वेबसाइट (agriculture.up.gov.in) के माध्यम से कृषि विभाग में पंजीकृत किसान बीज प्राप्त करने के लिए स्वयं एवं जन सुविधा केंद्र के माध्यम से बुकिंग कर सकेंगे। रबी के सीजन में अनुदान पर बीज एवं निशुल्क बीज मिनीकिट प्राप्त करने के लिए प्रथम चरण की बुकिंग 02 जुलाई से प्रारंभ हुई थी। जबकि तोरिया के बीज की बुकिंग दो जुलाई से शुरू होकर 16 अगस्त तक की गई। वहीं दलहनी एवं तिलहनी फसल की बुकिंग 10 जुलाई से शुरू हुई थी, जिसकी बुकिंग 10 सितंबर तक की जानी है। जबकि इसकी ई-लॉटरी 11 सितंबर को की जाएगी। इसी प्रकार गेहूं एवं जौ फसल की बुकिंग 10 जुलाई से शुरू होकर 30 सितंबर तक की जानी है। जबकि इसकी ई-लॉटरी एक अक्तूबर को की जाएगी। कृषि अधिकारियों ने बताया कि द्वितीय एवं तृतीय चरण के लिए बुकिंग सात दिन के अंतराल पर खोली जाएगी, इसके बाद प्रत्येक चरण तीन दिन का होगा। सोमवार से बुधवार तक बुकिंग होगी और ई-लॉटरी बृहस्पतिवार को होगी एवं पुनः शुक्रवार से रविवार तक बुकिंग होगी, जबकि ई-लॉटरी सोमवार को जाएगी।
अभी तक इतनी हुई बुकिंग
फसल- बीज का प्रकार लक्ष्य अब तक बुकिंग
तोरिया- सामान्य 2.27 क्विंटल 0 क्विंटल
मटर- सामान्य 1914 क्विंटल 145.40 क्विंटल
चना- सामान्य 772.96 क्विंटल 254.72 क्विंटल
सरसों- सामान्य 31 क्विंटल 0.56 क्विंटल
मसूर- सामान्य 1264.96 क्विंटल 80.80 क्विंटल
सरसों- मिनीकिट 8250 पैकेट 1054 पैकेट
मसूर मिनीकिट 2959 पैकेट 248 पैकेट
गेहूं सामान्य 5048 क्विंटल 642.80 क्विंटल
जौ- सामान्य 325 क्विंटल 27.6 क्विंटल
रबी के सीजन में बोआई के लिए किसानों को बीजों के वितरण के लिए बुकिंग कृषि विभाग के साइट पर की जा रही है। दलहन व तिलहन के बीजों की बुकिंग 10 सितंबर और गेहूं व जौ के बीजों की बुकिंग 30 सितंबर तक की जाएगी।
-अख्तर हुसैन, उपकृषि निदेशक।