महरौनी के परशुराम मंदिर के चारों ओर भरा पानी
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। महरौनी की पंडा कॉलोनी स्थित परशुराम मंदिर के चारों ओर बारिश का पानी भर गया है। जिससे श्रद्धालु मंदिर नहीं पहुंच पा रहे हैं। मंदिर के चारों ओर के रास्ते भी पूरी तरह जलमग्न हैं। इससे मुहल्लेवासियों को निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पंचायत महरौनी के वार्ड 2 के अंतर्गत पंडा कॉलोनी में नालियां नहीं हैं, जिससे बरसात में यहां पानी भर जाता है। इससे मुहल्ले वासियों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनी में कस्बे का एकमात्र प्रमुख परशुराम मंदिर है। जहां पर पूरे कस्बे सहित अनेक गांवों के श्रद्धालु दर्शनों के लिए आते हैं। लेकिन मंदिर के चारों ओर के रास्ते में जलभराव होने के कारण यहां पर लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। लोगों ने मुहल्ले में नालियों का निर्माण कराकर जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
हमारे मुहल्ले में बारिश का पानी भरा रहता है, जिससे निकलने में काफी परेशानी होती है। अगर मुहल्ले में नालियां बन जाएं, तो समस्या नहीं होगी। - शांति देवी
पंडा कॉलोनी में परशुराम मंदिर के चारों ओर का रास्ता बारिश के पानी से भरा है। घर से बाजार जाने में काफी असुविधा हो रही है। - राहुल सेन
पंडा कॉलोनी में जलभराव से समस्या हो रही है। यहीं महरौनी का प्रमुख परशुराम मंदिर है, जहां पर दूर- दूर से श्रद्धालु दर्शनों के लिए आते हैं। - महेश पटैरिया
पंडा कॉलोनी में पूरे रास्ते में पानी भरा है। हर बार बारिश होते ही सभी मुहल्लेवासियों का घर से निकलना मुश्किल हो जाता है। - मानकुंअर
पंडा कॉलोनी में जलभराव की समस्या की सूचना मिली है। इसके संबंध में शीघ्र प्रस्ताव रखा जाएगा और मुहल्ले में नालियों का निर्माण कराया जाएगा। जिससे किसी को भी समस्या का सामना न करना पड़े। - बृजेश रिछारिया, पार्षद वार्ड 2 नगर पंचायत महरौनी