संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज में ओपीडी की संख्या घटकर आधी हो गई है। जिला अस्पताल के समय जहां 19 ओपीडी संचालित होती थी, वहीं अब नौ कक्षों तक सिमट कर रह गई है। डॉक्टर से सलाह लेने के लिए मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन का कहना है कि मरम्मत कार्य के चलते ऐसी स्थिति बन रही है, जल्द ही व्यवस्था सुचारु करा दी जाएगी।
पहले जब जिला अस्पताल संचालित हो रहा था, उस समय ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या प्रतिदिन 900 से 1200 होती थी। लेकिन, ओपीडी की संख्या अधिक होने से मरीजों को सलाह लेने में ज्यादा परेशानी नहीं होती थी। पूर्व में फिजिशियन की छह ओपीडी, नाक-कान व गला की दो, बाल रोग विशेषज्ञ की तीन, आर्थो सर्जन की चार, नेत्र की एक, सर्जरी की एक समेत कुल 19 ओपीडी चल रही थी।
लेकिन, इसके उच्चीकृत होकर मेडिकल कॉलेज बनने के बाद ओपीडी की संख्या सीमित हो गई है। वर्तमान में फिजिशियन की मात्र एक ओपीडी है, इससे मरीजों को उपचार कराने में काफी समय लग रहा है। कई बार एक घंटे तक बारी आने का इंतजार करना पड़ता है। वहीं, आर्थो सर्जन की चार ओपीडी के सापेक्ष दो चल रही है। बाल रोग विशेषज्ञ की तीन ओपीडी की जगह एक कक्ष ही संचालित किया जा रहा है।
-
जांच कराने में आती दिक्कत : ओपीडी की संख्या कम होने से कई बार मरीजों की बारी आने में 12 बजे जाते हैं। इसके बाद जांच के लिए सैंपल देने पहुंचते हैं तो इसका समय बीतने पर जांच नहीं हो पाती। फिर जांच के लिए दूसरे दिन आना पड़ता है। इसके बाद रिपोर्ट मिलने पर उपचार मिल पाता है।
-
मेडिकल कॉलेज में स्टाफ की स्थिति
आचार्य - 05
सह आचार्य - 08
सहायक आचार्य - 33
एसआर - 16
जेआर - 40
-
ये है ओपीडी कक्षों की स्थिति
ओपीडी - पहले - अब
फिजीशियन - 03 - 01
एनसीडी सेल - 03 - 01
हड्डी रोग विशेषज्ञ - 04 - 02
बाल रोग विशेषज्ञ - 03 - 01
नाक-कान व गला - 02 - 01
नेत्र रोग - 01 - 01
सर्जरी - 02 - 01
चर्म रोग - 01 - 01
कुल - 19 - 09
-
मेडिकल कॉलेज के नए भवन में शिफ्ट होने पर कक्षों की संख्या बढ़ जाएगी। कुछ ओपीडी मरम्मत कार्य के चलते अन्य कक्षों में शिफ्ट कर दी गई हैं।
- डॉ. विशाल जैन, मीडिया प्रभारी, मेडिकल कॉलेज