ललितपुर। नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष और जाति विशेष पर अमर्यादित टिप्पणी करने व फोन कर 50 हजार रुपये की मांग करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना नाराहट के अंतर्गत ग्राम कलौथरा निवासी सुजानसिंह पटेल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 30 जुलाई को शहर के एक पैलेस में समाज के पदाधिकारियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया था, जिस पर नौ लोगों ने जाति विशेष व जिला पंचायत अध्यक्ष और बिरधा के नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख पर अमर्यादित टिप्पणी कर अपमानित किया। इससे समाज में भारी रोष व्याप्त है।
इतना ही नहीं महामंत्री बाबू सिंह से फोन कर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने पर पचास हजार रुपये की मांग की गई है। तहरीर में बताया कि यह सभी लोग दबंग किस्म के हैं। किसी भी प्रकार की घटना कर सकते हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर थाना सौजना अंतर्गत ग्राम कोरवास निवासी लकीराजा बुंदेला, थाना गिरार अंतर्गत ग्राम बम्हौरीसर निवासी शेरसिंह सिसौदिया, शहर कोतवाली अंतर्गत ग्राम रोड़ा निवासी डालराजा बुंदेला, राधिकाराजा, दिव्या परमार, विराट राजा बुंदेला, आदित्यराजा बुंदेला, पिंटूराजा उर्फ पीआर ठाकुर ध्रुवराजा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।