ललितपुर। शादी के एक माह बाद ही युवती ने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव घर के अंदर म्यारी पर लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके और ससुरालीजनों ने अज्ञात कारणों के चलते आत्महत्या करना बताया है।
थाना बालाबेहट अंतर्गत ग्राम मुड़ारी निवासी लक्ष्मी (21) पत्नी रवि की शादी 28 मई को ग्राम बुढ़पुुरा में हुई थी। कुछ दिन पूर्व ही वह ससुराल से अपने मायके आई थी। मंगलवार सुबह परिजन काम पर चले गए थे। जबकि लक्ष्मी घर पर अकेली थी। शाम करीब 5.30 बजे जब परिजन काम से लौटकर घर आए तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो खिड़की से झांककर देखा। अंदर लक्ष्मी म्यारी पर फांसी के फंदे पर लटक रही थी। घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना मिलने पर मृतका के ससुरालीजन भी मौके पर पहुंच गए थे। मायके व ससुरालीजनों ने अज्ञात कारणों के चलते आत्महत्या करना बताया है।