- तहसील परिसर में आधार सेवा केंद्र हुआ शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सदर तहसील परिसर में आधार सेवा केंद्र प्रारंभ किया गया है, लोगों को आधार अपडेट कराने व बनाने के लिए चक्कर लगाने पड़ते थे। लोगों की इस समस्या को गंभीरता से देखते हुए उपजिलाधिकारी सदर मनीष कुमार ने इसकी पहल की, जिसके चलते मंगलवार को इस केंद्र की स्थापना की गई।
इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार की अधिकृत संस्था सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के तहत सदर तहसील में आधार सेवा केंद्र प्रारंभ किया गया। यहां पर बच्चों के नए आधार बनवाने के अलावा अपने आधार में बायोमेट्रिक अपडेट, नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर अपडेट इत्यादि करा सकते हैं। यह आधार सेवा केंद्र सप्ताह के सातों दिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुलता है। नए आधार निशुल्क बनाने के साथ साथ डेमोग्राफिक और बायोमेट्रिक अपडेट का भी शुल्क यूआईडीएआई के निर्धारित मानकों के अनुसार ही लिया जाता है। इस प्रकार आधार सेवा केंद्र के माध्यम से लोग अपनी आधार से संबंधित समस्याओं के समाधान सुविधा जनक तरीके से करा सकते हैं।
-
दस साल पुराने आधारकार्ड धारक पहचान व पते से संबंधित डॉक्यूमेंट कराएं उपलब्ध
जिला प्रबंधक सीएससी मोहम्मद अंसार ने बताया कि सरकार विभिन्न प्रकार की योजनाओं का लाभ आधार के माध्यम से आम जनमानस को सीधे पहुंचा रही है, इसलिए आधार को अपडेट रखना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने अपना आधार दस साल पहले बनवाया था और उसके बाद कभी अपडेट नहीं किया तो ऐसे आधार संख्याधारकों से अनुरोध है कि वे दस्तावेजों, अपने पहचान और पते के प्रमाण से संबंधित अपने दस्तावेजों को अपडेट करवाएं, जिससे उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे राशन, पेंशन, छात्रवृति, किसान सम्मान निधि, बैंकिंग इत्यादि का लाभ निबार्ध रूप से मिलता रहे।