संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बैंक अधिकारियों के साथ बैठक की गई। इसमें लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों का निस्तारण कराने पर जोर दिया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष/प्रभारी जनपद न्यायाधीश यादवेंद्र सिंह के निर्देश पर प्राधिकरण के सचिव ने न्यायालय सभागार में बैठक ली। उन्होंने बैंक अधिकारियों को बताया कि 12 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए सभी बैंक अपने स्तर से अधिक से अधिक वाद नियत कराएं, ताकि आम जनता इस लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठा सके।
बैठक में सौरभ पाराशर (पंजाब नेशनल बैंक मुख्य शाखा), महावीर सिंह चौहान (केनरा बैंक), अजय कुमार (एक्सिस बैंक), दीपेंद्र गोस्वामी (बैंक ऑफ बड़ौदा), राकेश कुमार (यूको बैंक), सुनील गुप्ता (बैंक ऑफ इंडिया) और अमन गुप्ता (उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक) सहित कई बैंक अधिकारी उपस्थित रहे।