ललितपुर। शहर में हाईवे पर मन्नू पेट्रोल पंप से गोविंदसागर बांध तक पांच दुर्घटना बहुल स्थानों पर आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जानें जा रही हैं। इससे बचाव के लिए सदर विधायक ने हाईवे पर चिह्नित किए गए दुर्घटना बहुल पांच स्थानों पर फुट ओवरब्रिज का प्रस्ताव रखते हुए जिलाधिकारी से कहकर बैठक बुलाई है। जल्द ही आयोजित होने वाली स्टेयरिंग कमेटी की बैठक मेें इन स्थानों पर फुटओवर ब्रिज और दुर्घटना रोकने के संबंध में जरूरी निर्णय लिया जाएगा।
शहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे स्थित पांच स्थान दुर्घटना बहुल स्थान बन चुके हैं। इनमें सबसे अधिक दुर्घटनाएं कैलगुंवा चौराहा, सुरई घाट चौराहा, गोविंद सागर बांध तिराहा एवं नेहरू महाविद्यालय के पीछे हाईवे पर होती हैं। बीते एक महीने में ही अकेले कैलगुंवा चौराहा पर करीब दस से अधिक दुर्घटनाएं हो चुकीं हैं। एक सप्ताह में ही छह से अधिक दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौतें हो चुकी हैं, जबकि चार लोग घायल हो चुके हैं। इसके साथ ही अन्य चिह्नित स्थानों पर भी आए दिन पैदल एवं वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। इसके लिए शहरवासियों द्वारा पूर्व में इन चिह्नित स्थानों पर जिला प्रशासन से सुरक्षा के लिए जैब्रा लाइन, पुलिस कर्मियों की तैनाती बढ़ाने एवं स्पीड निर्धारित करते यहां बैरीकेटिंग लगाने की मांग की गई थी। हालांकि, नेहरू महाविद्यालय के पीछे हाईवे पर, कैलगुवां चौराहा एवं गोविंद सागर बांध तिराहा हाईवे पर जैब्रा लाइन तो बनाई गई थी। लेकिन इसके बाद भी इन स्थानों पर दुर्घटनाओं में कमी नहीं आ सकी है और आए दिन वाहन चालक एवं पैदल राहगीरों तेज रफ्तारों वाहनों की टक्कर से दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। बीते 13 अगस्त को ग्राम भैलोनी लोध निवाधी नीलेश राजपूत(20) की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई थी। जबकि, उसी के अगले दिन 14 अगस्त को भी ग्राम राखपंचमपुर निवासी अंकित लोधी (21) की भी ट्रक की टक्कर से मौत हो गई थी। इसी प्रकार बीते रोज बुधवार को भी शहर के मोहल्ला जुगपुरा निवासी भवानी शंकर साहू (55) की महरौनी जाते समय कैलगुवां चौराहा पर ही दूसरी बाइक की टक्कर से मौत हो गई। इन स्थानों पर लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं को देखते हुए सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने बताया कि मन्नू पेट्रोल पंप से गोविंद सागर बांध के मध्य हाईवे पर पांच दुर्घटना बहुल स्थानों को चिह्नित किया गया है। सदर विधायक ने हाईवे स्थित इन चिह्नित पांचों स्थानों पर फुट ओवर ब्रिज बनाने का प्रस्ताव रखा है और इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी से बैठक बुलाने को कहा है, ताकि इस बैठक में संबंधित अधिकारियों से एफओबी के प्रस्ताव पर ठोस निर्णय लिया जा सके। सदर विधायक ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा जल्द ही स्टेयरिंग कमेटी की बैठक आयोजित करके इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से राय लेकर निर्णय लिया जाएगा। इस बैठक में खनिज अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जल निगम, एआरटीओ, यातायात एवं पुलिस के अधिकारी शामिल होंगे। इसके साथ ही सदर विधायक ने इन हाइवें पर दुर्घटना बहुल स्थानों पर वार्निंग बोर्ड लगवाने का प्रस्ताव भी रखा है, ताकि लोग इन स्थानों पर निर्धाति स्पीड में संभल कर चल सकें और दुर्घटनाओं में कमी आ सके।
-------
हाईवे स्थित मन्नू पेट्रोल पंप, सुरईघाट चौराहा, कैलगुंवा चौराहा, नेहरू महाविद्यालय की पीछे, गोविंद सागर बांध तिराहा पर फुट ओवर ब्रिज बनाने का प्रस्ताव स्टेयरिंग कमेटी में रखा गया है, इसके लिए जिलाधिकारी के माध्यम से बैठक बुलाई है। जल्द ही बैठक में निर्णय लिया जाएगा।
-रामरतन कुशवाहा, सदर विधायक।