ललितपुर। शहर की मुख्य सड़कें खस्ताहाल हैं। यहां पर गल्ला मंडी से पहले सड़क कच्चे रास्ते में तब्दील हो गई है। सड़क के गड्ढों में जलाभराव से कीचड़ हो गया है। अब वाहनों की निकासी में जाम जैसे हालात बन रहे हैं। ऐसे में कई वाहन चालक गिरकर चुटहिल हो रहे हैं तो अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार अफसर अनदेखी कर रहे हैं।
शहर में बाईपास से गल्ला मंडी की ओर से प्रवेश करने वाला प्रमुख मार्ग है। यहां से तालबेहट की ओर से ग्रामीण क्षेत्र के लोग शहर आते हैं। जनपद के सभी किसान भी अपनी उपज लेकर इसी मार्ग से मंडी में पहुंचते हैं। प्रतिदिन लगभग हजारों वाहनों क ी आवाजाही होती है। वर्तमान में कोरोना संक्रमित अधिकांश मरीज इसी मार्ग से तालबेहट के एल वन अटैच अस्पताल व मेडिकल के लिए जाते हैं।
लेकिन, मंडी से बाईपास तक सड़क खस्ताहालत में हो गई है। यहां पर सड़क के फुटपाथ की हालत पहने ही खराब थी, लेकिन मरम्मत के अभाव में सड़क भी जर्जर हो गई है। मंडी से आगे बाईपास से पहले तक सड़क नजर नहीं आ रही है। यहां पर सड़क की गिट्टी उखड़ गई है। भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क में बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश होने से गड्ढों में जलभराव हो गया है। इससे सड़क पर कीचड़ हो गया है। अब यहां से वाहनों का निकालना खतरे से खाली नहीं है। कई दो पहिया वाहन चालक गिर जाते हैं, तो कइयों के भारी वाहनों की निकासी से कीचड़ फैलने से कपड़े खराब हो जाते हैं। वहीं, चार पहिया वाहन भी गड्ढों में गिरने से खराब हो जाते हैं।
इतना ही नहीं सड़क खराब होने से कई बार जाम जैसे हालात बन रहे हैं। ऐसे में एंबुलेंस तक जाम में फंस जाती है। इससे मरीज भी समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पा रहे हैं तो वहीं आम लोगों को अधिक समय खराब करना पड़ता है। इसके बाद भी प्रशासन उदासीन बना हुआ है, इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
-----------
सड़क जगह-जगह उखड़ गई है। गड्ढों में जलभराव से स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता है। इससे दो पहिया वाहन चालकगिरकर चुटहिल होते रहते हैं।
- जितेंद्र सिंह खिरिया छतारा
----------
फुटपाथ के साथ सड़क भी टूट कर खराब हो गई है। इससे गड्ढों में जलभराव हो गया है। अब भारी वाहनों की निकासी से गंदा पानी ऊपर आ जाता है।
- भगवान सिंह
----------
शहर की मुख्य सड़क के गड्ढों को भरवाया जाएगा। फुटपाथ पर मिट्टी डलवाकर दुरुस्त कराया जाएगा। - संजीव सक्सेना, अधिशासी अभियंता