झांसी - बार लोहिया बस का संचालन ठप
बस के इंतजार में दिन भर भटकते हैं यात्री
अमर उजाला ब्यूूरो
पुलवारा। ग्रामीण इलाकों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा देने का कितना ही दावा किया जा रहा हो, पर कस्बा बार क्षेत्र के ग्रामीण उप्र परिवहन विभाग की लोहिया बस सेवा के संचालन ठप होने से परेशान हैं। पांच दिनों से बस न चलने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
कस्बा बार से झांसी के लिए परिवहन विभाग की दो बसें चलाई जा रही हैं। जो दिन में दो- दो चक्कर लगाती हैं लेकिन विभाग ने कस्बा बार के लिए रोडवेज बसों का संचालन बंद कर दिया है, जिससे यात्री रोडवेज बस के इंतजार में बस स्टैंड पर इधर-उधर भटकते रहते हैं। कस्बा बार से झांसी के लिए सीधी बस सेवा होने के कारण यात्रियों को बार- बार बस नहीं बदलनी पड़ती है, जिससे उनका समय बच जाता है।
लोहिया बसों में ग्रामीणों को किराये में पच्चीस प्रतिशत की छूट रहती है। यह बसें यात्रियों को पहुंचाने के लिए बेहतर सेवा प्रदान करती हैं। इन बसों में मड़ावरा से ललितपुर तक का सफर डेढ़ घंटे में तय होता है तथा अन्य बसों की तुलना में झांसी का सफर भी कम समय में पूरा होता है। परिवहन निगम झांसी द्वारा इन बसों का संचालन कई बार बंद किया जा चुका है। यह बस आसपास के उन यात्रियों के लिए सुविधाजनक रहती है, जिन्हें प्रतिदिन झांसी आना - जाना रहता है।
कई बार लोहिया बस के स्थान पर खटारा बस भेज दी जाती है तो कई बार बस को बिना सूचना के ही बंद कर दिया जता है। इस वजह से क्षेत्र के लोगों का सफर परेशानियों भरा हो जाता है। लेकिन, इस ओर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का ध्यान कम ही जाता है, इसका फायदा रोडवेज के अधिकारी खूब उठाते हैं। जब चाहे बस को बंद कर देते हैं और चालू कर देते हैं।
झांसी से बार तक चलने वाली लोहिया बसों के बंद होने के संबंध में जानकारी नहीं है। इसका पता करके बसों का नियमित संचालन कराया जाएगा।
रामलवट, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन विभाग झांसी